प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को RailOne ऐप के प्रति किया गया जागरूक

डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग को सरल एवं सुविधाजनक बनाने के लिए चलाया गया जागरूकता अभियान

आज दिनांक 05 सितम्बर, 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/प्रयागराज, श्री हरिमोहन के मार्गदर्शन में प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने तथा आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग को सरल और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से RailOne ऐप जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान रेल कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को RailOne ऐप की उपयोगिता, टिकट बुकिंग की प्रक्रिया तथा ऐप के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। यात्रियों को बताया गया कि RailOne ऐप भारतीय रेलवे की विभिन्न यात्री सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है, जिससे यात्रियों को यात्रा संबंधी सुविधाएं आसानी से प्राप्त हो सकती हैं।

वाणिज्य निरीक्षक/प्रयागराज जंक्शन, श्री आर. पी. मीना एवं मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक, श्री राकेश कुमार की देखरेख में चलाए गए इस अभियान के दौरान रेल यात्रियों के एंड्रॉयड मोबाइल फोन में RailOne ऐप डाउनलोड कराया गया। साथ ही यात्रियों को ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए RailOne ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर मिलने वाले 3 प्रतिशत लाभ की सुविधा को अब विभिन्न डिजिटल भुगतान माध्यमों के उपयोग पर भी उपलब्ध कराया गया है। यात्री यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा अन्य स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों से भुगतान कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इससे यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट बुक करने पर सीधी बचत का लाभ मिलेगा।

ऐप की विशेषताएं
• ट्रेन, कोच पोजीशन एवं पीएनआर नंबर की जानकारी
• आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग और रद्दीकरण
• रियल टाइम ट्रेन पूछताछ एवं लाइव स्टेटस
• ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से भोजन की ऑनलाइन बुकिंग
• शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराना तथा उनकी स्थिति देखना

Related posts

Leave a Comment