भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने की रणनीति बनाई

कानपुर। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के जरिये 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने की रणनीति बनाई है। 80 फीट रोड स्थित सम्राट गेस्ट हाउस में भाजपा कानपुर उत्तर की कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने अभियान की रूपरेखा साझा की।जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में शंकर लाल लोधी ने कहा कि अभियान के माध्यम से संगठन को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। सरकार और संगठन के समन्वय से बूथ व शक्ति केंद्र स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।अभियान में ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सरकार आपके द्वार’, मानव रंगोली और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज समेत 12 प्रमुख कार्यक्रम होंगे।
अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने रूपरेखा रखी। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने प्रस्तावना प्रस्तुत की और संचालन जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि से हुआ। इस दौरान एमएलसी सलिल बिश्नोई समेत पार्टी पदाधिकारी व सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment