गोरखपुर, 01 अक्टूबर, 2026ः भारतीय रेल पर 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर, 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026‘ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में, अपर महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री विनोद कुमार शुक्ल के नेतृत्व में 01 अक्टूबर, 2026 को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ‘ थीम पर मुख्यालय, गोरखपुर स्थित रेलवे क्रिकेट ग्राउंड में मेगा श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ अपर महाप्रबन्धक श्री विनोद कुमार शुक्ल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर किया। इसके उपरांत ग्राउंड में झाड़ियों, कूड़े-कचरे एवं अन्य अवांछित सामग्रियों की सामूहिक साफ-सफाई की गई तथा उसका उचित स्थान पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री रवीश कुमार, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ० सुषमा भास्कर माटे, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/ई.एन.एच.एम. श्री अम्बरीश प्रकाश पाण्डेय, मुख्य कारखाना प्रबन्धक/यांत्रिक कारखाना श्री आनन्द ऋषि श्रीवास्तव, वरिष्ठ रेल अधिकारी, पर्यवेक्षक, कर्मचारी, खिलाड़ी, सिविल डिफेन्स के वालंटियर्स एवं सफाई मित्र उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त एन.ई. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोरखपुर परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों द्वारा साफ-सफाई की गई।
इस मेगा श्रमदान के माध्यम से रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों अथवा सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक एवं कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सामूहिक श्रमदान से न केवल रेलवे परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित होती है, वरन् लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, सहभागिता एवं स्वामित्व की भावना भी विकसित होती है। ‘स्वच्छता ही सेवा‘ अभियान के माध्यम से रेलवे परिसरों में स्वच्छता के साथ-साथ रिड्यूस, रीयूज़ एवं रीसाइकल की अवधारणा को बढ़ावा देने, कचरे के उचित निस्तारण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे का यह प्रयास है कि ‘स्वच्छता ही सेवा‘ अभियान को केवल एक निर्धारित अवधि तक सीमित न रखते हुये स्वच्छता को नियमित कार्यप्रणाली, व्यवहार एवं जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाये।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की आमजन से अपील है कि वे रेलवे स्टेशनों, रेलवे परिसरों, सार्वजनिक स्थलों, पर्यटन स्थलों एवं ऐतिहासिक धरोहरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाये रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचें तथा स्वच्छता सम्बन्धी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें। सामूहिक सहभागिता से ही ‘स्वच्छ रेलवे, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ भारत‘ के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
इसी प्रकार, वाराणसी, लखनऊ एवं इज्जतनगर मंडलों में भी ‘स्वच्छता ही सेवा‘ अभियान का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जा रहा है।
‘स्वच्छता ही सेवा-2026‘ के अंतर्गत मुख्यालय, गोरखपुर में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ‘ थीम पर मेगा श्रमदान आयोजित