लवलेश मिश्र
23 तारीख को होने वाले इलाहाबाद झांसी खंड स्नातक चुनाव में फर्जी मतदाताओं को मतदान से रोकने को लेकर भाजपा नेताओं ने इलाहाबाद झांसी निर्वाचन क्षेत्र अधिकारी प्रयागराज को बुधवार को ज्ञापन सौंपा। निर्वतमान भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी अनूप गुप्ता के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि इस निर्वाचन खंड में प्रभावशाली स्नातक नेताओं द्वारा दो से तीन बार एक ही नाम के मतदाता बनाए गए हैं। 24 वर्ष से कम आयु का कोई भी व्यक्ति स्नातक चुनाव में वोट देने का अधिकारी नहीं है लेकिन झांसी व अन्य जिलों की मतदाता सूची में वोटरों की उम्र बहुत कम है। ज्ञापन में कहा गया है कि अयोग की मतदाता सूची में जिन युवकों की जन्मतिथि 2001, 2002, 2003 एवं 2004 व 2005 है वे स्नातक चुनाव में मतदान की अर्हता नहीं रखते। इसके अलावा मतदाता सूची में बहुत बड़ी संख्या में डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। इसके पूर्व भी ऐसे ही मतदाता सूची में बोगस मतदाताओं को शामिल किया गया था जिससे चुनाव प्रभावित हुआ था। कई मतदाता एक से अधिक जगह गलत तथ्यों के साथ मतदाता बने हैं जो धारा 17 एवं धारा 18 लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के तहत नियम का उल्लंघन है और धारा 31 के तहत दंडनीय है। इलाहाबाद झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में इस तरह की गड़बड़ी देखी जा सकती है। इस पर कार्यवाही की जाए। झांसी की मतदाता सूची में जिनकी जन्म तिथि 2002 के बाद है उनको मतदाता सूची से अविलंब हटाया जाए। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि ऐसे सभी फर्जी बोगस मतदाताओं को स्नातक चुनाव में वोट देने से रोकने के लिए कदम उठाया जाए एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी मंडलायुक्तों जिला निर्वाचन अधिकारियों को सूचित किया जाए कि इस विषय पर तत्काल ठोस कार्यवाही की जाए जिससे 23 तारीख को होने वाला स्नातक चुनाव का मतदान सकुशल संपन्न हो। उपरोक्त विषय के संदर्भ में भाजपा के चुनाव संपर्क विभाग लखनऊ के प्रदेश संयोजक अखिलेश कुमार अवस्थी द्वारा मुख्य निर्वाचन अधिकारी हजरतगंज लखनऊ को भी 20 अक्टूबर को अवगत करा दिया गया है। इस दौरान राज्यसभा सांसद राधाकांत ओझा, प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, विधायक फुलपुर दीपक पटेल, विधायक शहर पश्चिमी सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष पांडेय, राजेश गोंड उपस्थित रहे।