गोरखपुर, 05 नवम्बर, 2026ः रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे में 01 से 07 नवम्बर, 2026 तक ‘मिशन लाइफ‘ पहल के अंतर्गत ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह‘ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में, 05 नवम्बर, 2026 को प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री रवीश कुमार ने प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर कार्यालय, गोरखपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी रेलकर्मियों से प्लास्टिक के स्थान पर कपडे एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करने तथा स्वच्छ एवं टिकाऊ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
इसके अतिरिक्त पूर्वोत्तर रेलवे सीनियर सेकेण्डरी स्कूल, गोरखपुर के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों द्वारा ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली‘ विषय पर आधारित पुस्तक का प्रकाशन किया गया एवं छात्र-छात्राओं के बीच पुस्तक की कवर पेज वितरित किए गये। इसके माध्यम से प्लास्टिक के विकल्प अपनाने, कचरे को इधर-उधर न फेंकने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देने के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर कार्यालय स्थित पार्क में श्रमदान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें यांत्रिक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पार्क परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाये रखने का संदेश दिया गया। श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता केवन प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक एवं रेलकर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का सफल आयोजन मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/ई.एन.एच.एम. श्री ए.पी. पाण्डेय के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।