कालिंदीपुरम में मियावाकी पद्धति से विकसित होगा भव्य भूलभुलैया पार्क, महापौर गणेश केसरवानी ने किया भूमि पूजन एवं शिलान्यास

प्रयागराज को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम प्रयागराज द्वारा शहरी क्षेत्रों में हरित स्थानों के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम की उपवन योजना के अंतर्गत नंदगांव, कालिंदीपुरम में मियावाकी पद्धति से भव्य भूलभुलैया पार्क (Maze Park) का निर्माण एवं विकास कराया जाएगा। गुरुवार को महापौर श्री गणेश केसरवानी ने विधिवत भूमि पूजन कर इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास किया। इस पार्क का विकास लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। शिलान्यास के उपरांत महापौर ने पार्क परिसर में 75 हजार पौधों का रोपण किया। इस व्यापक पौधारोपण के माध्यम से क्षेत्र को सघन हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि शहर का विकास केवल सड़कों, नालियों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त हरियाली, मनोरंजन एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से उपवन योजना के अंतर्गत कालिंदीपुरम में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से इस आकर्षक भूलभुलैया पार्क का विकास कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मियावाकी पद्धति से विकसित होने वाला यह पार्क पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। वर्तमान समय में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच शहरों में हरित क्षेत्रों का विकास अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम का प्रयास है कि प्रयागराज के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे पार्क एवं उपवन विकसित किए जाएं, जहां नागरिकों को स्वच्छ वातावरण में समय बिताने तथा प्रकृति से जुड़ने का अवसर मिल सके।

20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में होगा पार्क का विकास, 75 हजार पौधों से बढ़ेगी हरियाली

नंदगांव, कालिंदीपुरम में प्रस्तावित भूलभुलैया पार्क का विकास लगभग 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में कराया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत आएगी। शिलान्यास के उपरांत परिसर में 75 हजार पौधों का रोपण किया गया है। मियावाकी पद्धति से विकसित होने वाला यह हरित क्षेत्र शहर में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार एवं प्राकृतिक सौंदर्य को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इतनी बड़ी संख्या में पौधारोपण के माध्यम से क्षेत्र को सघन हरित उपवन के रूप में विकसित किया जाएगा।

आकर्षक प्रवेश द्वार और भूलभुलैया डिजाइन बनेगा विशेष आकर्षण

प्रस्तावित भूलभुलैया पार्क का डिजाइन इस प्रकार तैयार किया गया है कि प्रयागराज के नागरिकों को दैनिक गतिविधियों के साथ सामुदायिक एवं मनोरंजक गतिविधियों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके। पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासी आसानी से पार्क में प्रवेश कर सकें और प्रदूषण मुक्त एवं स्वच्छ वातावरण का आनंद उठा सकें। पार्क का भूलभुलैया (Maze Park) स्वरूप इसे अन्य सामान्य पार्कों से अलग एवं आकर्षक बनाएगा।

हरी-भरी घास, पैदल पथ और लैंडस्केपिंग से बढ़ेगी सुंदरता

पार्क के विभिन्न हिस्सों में हरी-भरी घास के मैदान विकसित किए जाएंगे। नागरिकों के टहलने एवं पैदल चलने के लिए आकर्षक पाथवे बनाए जाएंगे। इसके साथ ही लैंडस्केपिंग के माध्यम से पूरे परिसर को सुंदर एवं व्यवस्थित हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। पार्क में विभिन्न स्थानों पर बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे बच्चे, बुजुर्ग एवं अन्य नागरिक आराम से समय बिता सकें।

ओपन जिम एवं योग स्थल से स्वास्थ्य गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

पार्क में केवल हरियाली एवं सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य और शारीरिक गतिविधियों को भी ध्यान में रखा गया है। इसी क्रम में पूरे पार्क परिसर में ओपन जिम एवं योग स्थल विकसित किए जाएंगे।

Related posts

Leave a Comment