श्री गुरू नानक देव जी महाराज का प्रकाश उत्सव आज श्री गुरू सिंह सभा के तत्वावधान में गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा खुल्दाबाद में मनाया गया। इस समारोह में विभिन्न प्रान्तों से आये सन्त्तों ने भजन-कीर्तन एवं गुरबाणी का पाठ किया तथा भक्तजनों ने श्रद्धापूर्वक श्री गुरू ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका।
गुरूद्वारा साहिब में 24 नवम्बर 2026 दिन मंगलवार को सुबह 09:30 बजे श्री अखण्ड पाठ साहिब की समाप्ति हुई तत्पश्चात् गुरूद्वारा साहिब में कीर्तन दरबार हुआ। 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक कार्यक्रम चलता रहा। इस मौके पर कथा-कीर्तन, व्याख्यान, कवितायें, अरदास एवं लंगर (भंडारे) का आयोजन किया गया जिसमें सभी धर्म के लोगों ने बिना किसी भी प्रकार के भेद-भाव के गुरू का लंगर छका एवं कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसी क्रम में रात्रि का 9:00 से 12:00 तक गुरू नानक दरबार मीरापुर में कीर्तन दीवान एवं गुरू का लंगर चला।
श्री गुरू नानक देव जी ने इस मात लोक में आकर भटके हुए लोगों को सही रास्ते में लाने के लिए चारों दिशाओं में धार्मिक यात्रायें (उदासी) रूप ले कर भ्रमण किया तथा पूरे विश्व में जहाँ-जहाँ भी ऊँच-नीच, भेद-भाव जाति-पांति, सती प्रथा तथा अन्य आडम्बर थे वहाँ पहुँच कर लोगों को सही मार्ग दिखाया। हिन्दू को सच्चा हिन्दू, मुसलमान को सच्चा मुसलमान का अर्थ बता कर उस पर चलने की प्रेरणा दी तथा एक पिता एकस के हम बारिक, दृढ़ कराया। स्त्री को सम्मान दिया और कहा “सो क्यो मन्दा आखिए जित जम्मे राजान” उनका उद्देश्य चारों वरणों के लिए था “खत्री, ब्राहमण, शूद्र, वैश्य उपदेश चंहू वरणों का सान्झा”।
विशेष तौर से रागी जत्थे में भाई इंदरजीत सिंह जी अमृतसर साहिब वाले तथा भाई नवजोत सिंह जी हजूरी रागी जत्था श्री गुरू सिंह सभा वाले ने भजन कीर्तन गाकर संगतों को निहाल किया व श्री गुरू तेग बहादुर खालसा गर्ल्स इण्टर कालेज के बच्चों ने गुरबाणी गायन किया व सिक्ख पंथ के संस्थापक श्री गुरू नानक देव जी महाराज के उपदेशों के अनुसार अपना जीवन व्यतीत करने की प्रेरणा दी।
अव्वल अल्लह नूर उपाया, कुदरत के सब बन्दे।
एक नूर ते सब जग उपजया कौन भले को मन्दे।
श्री गुरू गोविन्द सिंह मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से नेत्र शिविर, रक्तदान शिविर एवं फ्री मेडिकल चेकअप का आयोजन किया गया जिसमें भारी मात्रा में लोगों ने रक्त दान किया एवं स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया तथा शिक्षा कैरियर हेतु परामर्श जिसमें विभिन्न परामर्शज्ञाताओं ने बच्चों को मार्ग दर्शन किया।
सभी सिक्ख संगतों ने अपने घरों में दीप माला करके खुशियाँ मनायीं। समारोह में श्री गुरू सिंह सभा के समूह कमेटी तथा श्री गुरू तेग बहादुर खालसा गर्ल्स इण्टर कालेज के चेयरमैन कर्नल चरणजीत सिंह मेहता जी, उपचेयरमैन स० इन्द्रप्रीत सिंह जी, प्रबन्धक स० परमजीत सिंह सचदेवा जी एवं सम्पूर्ण कमेटी शामिल थी सभी ने पूर्ण सहयोग दिया।
कार्यक्रम का संचालन श्री गुरू सिंह सभा के महामंत्री स० दिलजीत सिंह ने किया।
अन्त में सभा के अध्यक्ष स० हरजिन्दर सिंह जी ने श्री गुरू सिंह सभा की ओर से सभी नगरवासियों व संगत को श्री गुरू नानक देव जी के प्रकाश उत्सव की बधाई दी एवं मंजीत सिंह माकन, हरप्रीत सिंह, तरविन्दर सिंह, कवलजीत सिंह, एम०पी०सिंह, त्रिलोचन सिंह, प्रभजोत कौर, हरविन्दर कौर व सम्पूर्ण कमेटी मौजूद रहे।