किसानों के मसीहा और महान समाज सुधारक थे सर छोटूराम -चंद्रभूषण सिंह यादव

सर छोटूराम भारतीय स्वतंत्रता पूर्व काल के एक महान राजनेता, दूरदर्शी विचारक और किसानों के सच्चे हितैषी थे,उक्त बातें रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरी स्थित सपा जनसंपर्क कार्यालय पर सर छोटूराम के जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित जंयती कार्यक्रण में व्यक्त करते हुए सपा के पूर्व प्रवक्ता चंद्रभूषण सिंह यादव ने कहा कि उत्तर भारत में ‘दीनबंधु’ और ‘रहबर-ए-आज़म’ के नाम से जाने जाने वाले सर छोटूराम का संपूर्ण जीवन शोषित, वंचित और विशेष रूप से ग्रामीण किसान वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा।पंजाब की यूनियनिस्ट पार्टी के सह-संस्थापक और राजस्व मंत्री के रूप में सर छोटूराम ने किसानों के हित में ऐसे- ऐसे क्रांतिकारी कानून बनवाए, जिन्होंने साहूकारों के चंगुल में फंसे किसानों को नई जिंदगी दी। इनमें ‘पंजाब रिलीफ इनडेब्टेडनेस एक्ट (1934)’ और ‘पंजाब डेटर्स प्रोटेक्शन एक्ट (1936)’ प्रमुख हैं। इन कानूनों के तहत किसानों की जमीन, मवेशी और कृषि उपकरणों की कुर्की पर रोक लगाई गई तथा पुराने कर्जों का निपटारा कर उन्हें ब्याजखोरी के शोषण से मुक्ति दिलाई गई। इसके अतिरिक्त, ‘कृषि उत्पाद मंडी अधिनियम (1938)’ लागू कर उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि किसानों को अपनी फसल का उचित मूल्य मिले।सर छोटूराम का मानना था कि जब तक खेतों को पानी नहीं मिलेगा, किसान समृद्ध नहीं हो सकते। इसी सोच के साथ उन्होंने भाखड़ा बांध परियोजना की रूपरेखा तैयार की और बिलासपुर के राजा के साथ ऐतिहासिक समझौता कर इस विशाल परियोजना की नींव रखी, जिससे आगे चलकर हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हरित क्रांति का मार्ग प्रशस्त हो सका।
सपा के पूर्व प्रवक्ता चंद्रभूषण सिंह यादव ने सर छोटूराम के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सर छोटूराम ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम माना। रोहतक में जाट हाई स्कूल और जाट कॉलेज की स्थापना कर उन्होंने ग्रामीण बच्चों के लिए उच्च शिक्षा के द्वार खोले। सर छोटूराम ने समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास और फिजूलखर्ची के खिलाफ भी निरंतर अभियान चलाया।सर छोटूराम केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे। उनके द्वारा किए गए सुधारों और कार्यों ने भारतीय कृषि व्यवस्था और किसान समाज को आत्मसम्मान और आर्थिक सुरक्षा प्रदान की, जिसके लिए वे सदैव स्मरणीय रहेंगे।
उक्त अवसर पर उपस्थित संजय यादव, अशोक यादव, नारायण प्रसाद, बेलभद्र गोंड,शंकर गोंड, अयोध्या वर्मा, बेचू यादव, नगीना यादव आदि ने उपस्थित रह सर छोटूराम को अपनी भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की।

Related posts

Leave a Comment