देवरिया 8 जून। जिला कांग्रेस कमेटी ने जनपद में 8 जून से 15 जून तक चलने वाले ‘निकोबार बचाओ’ हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने के लिए विधानसभावार प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। जिला अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की हैं।
जारी सूची के अनुसार देवरिया सदर विधानसभा में सुनील कुमार तिवारी और मनोज मणि त्रिपाठी, पथरदेवा में जुलेखा खातून व रलेश मल्ल ‘पिंटू’, रामपुर कारखाना में जयप्रकाश धनगर व आलोक त्रिपाठी ‘राजन’, सलेमपुर में दीनदयाल यादव व मार्कण्डेय मिश्रा, बरहज में अब्दुल जब्बार व राकेश तिवारी ‘भोला’ तथा रुद्रपुर विधानसभा में राम आशीष साहनी व सच्चिदानंद मिश्रा को प्रभारी बनाया गया है।
जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नियुक्त प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर हस्ताक्षर अभियान को गति देंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को व्यापक सफलता मिलेगी।