‘टारगेट पीसीएस 2026 विद रफीक’ ग्रुप से अब तक 40 से अधिक अभ्यर्थियों को मिली सफलता
प्रयागराज। आधुनिक तकनीकी दौर में जहां शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, वहीं कुछ शिक्षक आज भी शिक्षा को सेवा का माध्यम मानकर आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के सपनों को पूरा करने में जुटे हैं। ऐसे ही शिक्षकों में माध्यमिक शिक्षा विभाग, प्रयागराज के पीईएस अधिकारी मोहम्मद रफीक का नाम प्रमुखता से लिया जा सकता है।इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के पूर्व छात्र मोहम्मद रफीक ने कोविड काल वर्ष 2020 में प्रतियोगी छात्रों के लिए ‘टारगेट पीसीएस 2026 विद रफीक’ नाम से व्हाट्सएप ग्रुप शुरू किया था। वर्तमान में इस ग्रुप से करीब 438 प्रतियोगी छात्र जुड़े हुए हैं। पीसीएस के साथ आरओ/एआरओ एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र भी इसका लाभ उठा रहे हैं।ग्रुप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि छात्रों को निःशुल्क अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। रफीक सर स्वयं ग्रुप पर सक्रिय रहकर करंट अफेयर्स, विषयवार नोट्स, पत्र-पत्रिकाएं एवं समाचार पत्र उपलब्ध कराते हैं। छात्रों के सवालों और परीक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी समय-समय पर किया जाता है।इस पहल का असर छात्रों की सफलता में भी दिखाई दे रहा है। ग्रुप से जुड़े 20 से अधिक अभ्यर्थी पीसीएस तथा लगभग इतने ही अभ्यर्थी आरओ/एआरओ परीक्षा में सफलता हासिल कर चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्र और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों के लिए यह ग्रुप प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।रफीक सर वर्ष 2021 की पीसीएस परीक्षा में सफलता से पहले रामानुज इंटर कॉलेज, कोहड़ार, मेजा में अंग्रेजी प्रवक्ता के रूप में कार्यरत थे। शिक्षक से अधिकारी बनने के अपने अनुभव का लाभ वह आज भी प्रतियोगी छात्रों को दे रहे हैं। शिक्षक दिवस पर उनका यह प्रयास इस बात की मिसाल है कि एक सच्चा शिक्षक केवल पढ़ाता नहीं, बल्कि युवाओं को उनके सपनों तक पहुंचने की राह भी दिखाता है।
गरीब छात्रों के सपनों को पंख लगा रहा ‘रफीक सर’ का निःशुल्क अभियान