नोएडा जाने के लिए घर से निकला युवक लापता, मोबाइल दूसरे युवक के पास मिलने से बढ़ी परिजनों की चिंता

लालगंज, रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पीर अलीपुर मजरे गौरा रूपई निवासी सुशीला का बेटा अमरेंद्र उर्फ सुमित 30 अगस्त की शाम करीब चार बजे घर से नोएडा जाने के लिए निकला था। लालगंज पहुंचने के बाद सुमित ने परिजनों को फोन कर अपने लालगंज पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद उसका परिवार से संपर्क टूट गया।
31 अगस्त को जब परिजनों ने सुमित का हालचाल जानने के लिए उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन किसी अन्य युवक ने उठाया। उसने अपना नाम मुकेश बताते हुए खुद को सुमित का दोस्त बताया। परिजनों के पूछने पर युवक ने बताया कि फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर सुमित की कुछ यात्रियों से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद वह दूसरी ट्रेन से प्रयागराज की ओर चला गया। युवक ने यह भी कहा कि सुमित का मोबाइल उसके पास रह गया है और आधार कार्ड भेजने पर वह फोन उनके पते पर भेज देगा।
परिजनों के मुताबिक, 1 सितंबर तक उक्त युवक लगातार उन्हें अलग-अलग बातों से आश्वस्त करता रहा। सुमित के संबंध में बार-बार पूछताछ किए जाने पर उसकी भाषा और व्यवहार में कथित तौर पर बदलाव आने लगा तथा वह गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने परिजनों से यहां तक कह दिया कि “जो करना है, कर लो।”
बेटे की कोई जानकारी न मिलने से परेशान सुमित की मां सुशीला ने लालगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायती पत्र सौंपते हुए पूरे मामले से अवगत कराया और बेटे की सकुशल तलाश किए जाने की गुहार लगाई।
पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सुमित की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसके संबंध में जानकारी जुटाकर परिजनों को अवगत कराने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, सुमित के लापता होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें आशंका है कि कहीं उनका बेटा किसी अनहोनी का शिकार न हो गया हो। परिजनों ने लालगंज पुलिस से अमरेंद्र उर्फ सुमित की जल्द से जल्द तलाश कर उसे सकुशल घर वापस लाने की मांग की है।

Related posts

Leave a Comment