कानपुर। चकेरी थाने के बाहर रविवार शाम करीब 6:10 बजे एक युवक ने अपने गले पर ब्लेड से वार कर खुद को घायल कर लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसके हाथ से ब्लेड छीनकर उसे काबू किया। गंभीर हालत में युवक को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की पहचान नहीं हो सकी है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक थाने के बाहर खड़ा था। अचानक उसने जेब से ब्लेड निकाला और अपने गले पर वार करने लगा। इससे वह लहूलुहान हो गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे रोका और कपड़े से घाव पर दबाव बनाकर खून रोकने का प्रयास किया। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवक नशे में था। पुलिस उसके खुद पर हमला करने की वजह का पता लगा रही है। युवक की पहचान और उसके परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है। होश में आने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल उसका हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चकेरी थाने के बाहर एक युवक ने अपने गले पर ब्लेड से वार कर खुद को घायल कर लिया