महाप्रबन्धक ने अस्थाई यात्री आश्रय स्थल (पैसेंजर होल्डिंग एरिया) का निरीक्षण किया तथा यहाँ बैठे यात्रियों से संवाद किया

गोरखपुर, 13 नवम्बर, 2026ः लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के लिये अपने घरों को आ रहे रेल यात्रियों की सहज, सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिये पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने व्यापक प्रबन्ध किये हैं। भीड़ प्रबन्धन एवं यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु स्टेशन पर विशेष व्यवस्थायें लागू की गई हैं। इसी क्रम में, महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर ने 13 नवम्बर, 2026 को छठ महापर्व हेतु आने एवं जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखकर गोरखपुर जं. स्टेशन के प्लेटफॉर्मों तथा यात्रियों की सुविधा के लिये यहाँ बनाये गये अस्थाई यात्री आश्रय स्थल (पैसेंजर होल्डिंग एरिया) का निरीक्षण किया तथा यहाँ बैठे यात्रियों से संवाद किया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक श्री प्रकाश चन्द्र जायसवाल, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबन्धक श्री राजेश कुमार, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल श्री सत्य प्रकाश, स्टेशन निदेशक/गोरखपुर जं. श्री रतनदीप गुप्ता सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने मोबाइल यू.टी.एस. से अनारक्षित टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं चिकित्सा व्यवस्था को देखा। श्री उदय बोरवणकर ने यात्री होल्डिंग एरिया में उपस्थित यात्रियों से होल्डिंग एरिया में प्रदत्त सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया तथा विशेष तौर पर महिलाओं एवं युवा यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये रेल प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। यात्रियों ने स्टेशन पर बजाये जा रहे छठ गीतों की भी सराहना की। ये छठ गीत यात्रियों को घर वापसी की सुखद अनुभूति दे रहे हैं। इसके उपरांत मीडिया से वार्ता करते हुये महाप्रबन्धक श्री बोरवणकर ने छठ के पावन पर्व की बधाई देते हुये रेल प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया तथा यात्रियों की सुरक्षित यात्रा पर जोर दिया। उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा संचालित विशेष ट्रेनों तथा बनारस, सीवान, छपरा, देवरिया सदर एवं बलिया स्टेशनों पर बनाये गये यात्री होल्डिंग एरिया एवं यात्री सुविधाओं की भी जानकारी दी।

विदित हो कि यात्रियों की सुविधा के लिये गोरखपुर जं. स्टेशन परिसर में 05 अस्थाई यात्री होल्डिंग एरिया बनाये गये हैं। जिसमें प्लेटफार्म 01 एवं 02 की ओर 04 यात्री होल्डिंग एरिया एवं प्लेटफॉर्म 09 की ओर 01 यात्री होल्डिंग एरिया बनाया गया है। सभी होल्डिंग एरिया में प्रॉपर जर्मन हैंगर शेड लगाये गये हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध हो सके। सभी यात्री होल्डिंग एरिया में सहायता डेस्क, मोबाइल यू.टी.एस. से अनारक्षित टिकट प्राप्त करने की व्यवस्था, सभी ट्रेनों की अद्यतन समय सारिणी, बड़ी एल.ई.डी. स्क्रीन पर ट्रेनों की जानकारी, अनाउंसमेंट की व्यवस्था, चिकित्सा बूथ, शुद्ध पेयजल की सुविधा, प्रसाधन की सुविधा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पर्याप्त मात्रा में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, कूलर आदि की व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा हेतु रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) के जवानों की तैनाती भी की गई है। सी.सी.टी.वी. कैमरों की मदद से निरन्तर प्लेटफॉर्म, यात्री होल्डिंग एरिया एवं स्टेशन परिसर की निगरानी की जा रही है। यात्रियों को सहायता उपलब्ध कराने वाले कर्मचारियों की सहज पहचान के लिये विशेष कलर कोडिंग व्यवस्था की गई है। वाणिज्य विभाग, आर.पी.एफ. एवं जी.आर.पी. के उन कर्मचारियों को, जो सीधे तौर पर यात्रियों से संवाद एवं सहायता के लिये जिम्मेदार हैं, नारंगी रंग की ल्यूमिनस जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे की ओर से यात्री सहायता एवं संवाद व्यवस्था से जुड़े अन्य कर्मचारियों को हरे रंग की जैकेट प्रदान की गई हैं। इससे यात्रियों को किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर सम्बन्धित कर्मचारियों की तत्काल पहचान एवं उनसे सम्पर्क करने में सुविधा होगी।

सभी प्लेटफॉर्मों एवं प्रमुख स्थानों पर वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जी.आर.पी.) के कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। महत्वपूर्ण ट्रेनों में यात्रियों को पंक्तिबद्ध तरीके से ट्रेन में चढ़ाने के लिये आर.पी.एफ. एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मेगा माइक के माध्यम से समय-समय पर यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जा रहे हैं तथा उन्हें अनुशासित एवं पंक्तिबद्ध तरीके से ट्रेन में चढ़ने के लिये जागरूक किया जा रहा है। प्लेटफॉर्मों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिये विशेष निगरानी एवं आवश्यकता पड़ने पर भीड़ को व्यवस्थित रूप से नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई है। नियमित ट्रेनों के सुचारु संचालन के साथ-साथ यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ एवं मांग को देखते हुये विशेष ट्रेनों का भी संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचने के लिये अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध हों तथा उनकी यात्रा सुगम हो सके।

गोरखपुर जं. स्टेशन पर की गई इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। सभी सम्बन्धित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुये चौबीसों घंटे निगरानी एवं व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के इस पावन अवसर पर प्रत्येक यात्री सुरक्षित एवं सुखद यात्रा के साथ अपने घर पहुँचे और अपने परिवार एवं प्रियजनों के साथ त्यौहार की खुशियाँ साझा कर सके।

Related posts

Leave a Comment