भारत और चीन समेत 16 देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी में अमेरिका

अमेरिका इस सप्ताह चीन, भारत और कई अन्य देशों पर शुल्क बढ़ाने की योजना बना रहा है। अमेरिका का आरोप है कि इन देशों ने औद्योगिक उत्पादन में जरूरत से ज्यादा वृद्धि को बढ़ावा दिया जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचा। ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने मंगलवार को यह खबर दी।

इस अखबार के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमीसन ग्रीर 1974 के व्यापार कानून की धारा 301 के तहत भारत समेत 16 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ शुरू की गई जांच के निष्कर्षों की घोषणा कर सकते हैं। यूएसटीआर कार्यालय ने यह जांच 11 मार्च को शुरू की थी। इस कानून की धारा 301 के तहत अनुचित व्यापार गतिविधियां पाए जाने पर राष्ट्रपति आयात शुल्क लगा सकते हैं।

‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ अखबार के अनुसार ग्रीर ने कहा है कि इन देशों में सब्सिडी और सरकार की अन्य सहायता से औद्योगिक उत्पादन क्षमता जरूरत से ज्यादा बढ़ गई है जिससे इन देशों की कंपनियां वैश्विक बाजारों को सस्ते सामान से पाट दे रही हैं और अमेरिकी उत्पादकों को नुकसान पहुंचा रही हैं। जुलाई में यूएसटीआर ने विदेशी आपूर्ति श्रृंखलाओं में जबरन मजदूरी के इस्तेमाल को लेकर एक जांच पूरी की थी। उसने कहा था कि इस आधार पर भारत समेत 16 अर्थव्यवस्थाओं सहित कई व्यापारिक साझेदारों पर 10 से 12.5 प्रतिशत तक शुल्क लगाया जा सकता है।

Related posts

Leave a Comment