संजय आर्या एकेडमी की जीत में अबीर बने हीरो

प्रयागराज। नेहरू पार्क स्थित संजय आर्या क्रिकेट एकेडमी में खेले गए अंडर-12 मैच में संजय आर्या एकेडमी ने आरव इलेवन को 4 विकेट से शिकस्त दी। 35-35 ओवर के इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरव इलेवन की टीम अबीर श्रीवास्तव की घातक गेंदबाजी के आगे मात्र 82 रन पर सिमट गई। टीम के लिए कप्तान आरव श्रीवास्तव ने सर्वाधिक 13, शिवांशु ने 12 और विराज ने 8 रन बनाए। संजय आर्या एकेडमी की ओर से अबीर श्रीवास्तव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 13 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि अभिनंदन ने 21 रन देकर 3 और मांशु ने 2 विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी संजय आर्या एकेडमी ने 6 विकेट खोकर आसानी से मैच जीत लिया। टीम की ओर से विराट ने 13, आकर्ष ने 10 तथा वेदांश और संकर्षण ने 8-8 रनों का योगदान दिया। आरव इलेवन की तरफ से आरव, विराज, कौशल और सूर्या को एक-एक सफलता मिली। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए अबीर श्रीवास्तव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जिन्हें अमित श्रीवास्तव ने ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। मैच में अंपायरिंग डीके यादव और सत्यम ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी सुधांशु ने संभाली।

Related posts

Leave a Comment