भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ मंगलवार को फिर से हुए गठबंधन को राज्य के भविष्य, उसकी शांति तथा समृद्धि के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। भाजपा और शिअद ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन की मंगलवार को घोषणा की। इस तरह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दो सबसे पुराने सहयोगी दल छह साल बाद फिर एक साथ आ गए हैं।
प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, जो दोनों दलों के फिर से एक साथ आने के पक्ष में थे, ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-शिअद गठबंधन कोई राजनीतिक गठजोड़ नहीं है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह हिंदू और सिख भाईचारे, पंजाब की सांप्रदायिक सद्भावना, पंजाब में शांति और सुकून की गारंटी है। पंजाब को नशामुक्त करने का अभियान और पंजाब की तरक्की को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने वाला गठबंधन है।
यह सभी पंजाबियों का गठबंधन है।’’ इस बीच, बाद में एक बयान में ढिल्लों ने कहा कि भाजपा और शिअद के बीच का रिश्ता सांप्रदायिक सद्भाव, आपसी भरोसे और भाईचारे पर आधारित रहा है।