युवा ओलंपिक खेलों की रजत पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी पात्री ने मंगलवार को मिस्र की दोहा हानी को हराकर सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली। ओडिशा की इस किशोर खिलाड़ी ने महिला एकल क्वालीफाइंग मुकाबले में हानी को सीधे गेमों में 21-7, 21-11 से शिकस्त दी। तन्वी ने पिछले महीने डकार युवा ओलंपिक में महिला एकल का रजत पदक जीता था।
पुरुष युगल में तीसरी वरीयता प्राप्त हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन ने दूसरे गेम में हार के बाद शानदार वापसी करते हुए हमवतन अभिनाश मोहंती और आयुष पटनायक को 21-13, 21-23, 21-9 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। साई प्रतीक के और रुबन कुमार रेतिनासाबापति ने उलटफेर करते हुए इंग्लैंड के आठवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स ग्रीन और जैक रस को 17-21, 22-20, 21-19 से मात दी। कृष्ण प्रसाद गरगा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय को फ्रांस के मैल कैटोएन और लुकास रेनोइर से 21-23, 21-18, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा।
श्रेया बालाजी और प्रणवी नटराजन ने हृषा दुबे और मेहरीन रिजा को 21-12, 21-11 से मात दी। समृद्धि सिंह और अमोलिका सिंह सिसोदिया ने नयना एस. ओएसिस और वर्षिणी विश्वनाथ श्री को 21-13, 21-11 से हराया। अदिति भट्ट और श्रवणी वालेकर ने सोनाली सिंह और रितिका ठाकर को 21-15, 18-21, 21-11 से शिकस्त दी।
मान्या रहलान और रेशिका उथायसूरियन ने गायत्री रावत और मानसा रावत को कड़े मुकाबले में 21-13, 21-23, 21-19 से पराजित किया।