‘न्याय चला गाँव की ओर’ में ग्रामीणों ने जानी निःशुल्क विधिक सहायता की राह, लोकगीतों में गूँजे बाबासाहेब

संविधान दिवस पर मुन्तजीपुर में जुटे ग्रामवासी, विधि शिक्षक और विद्यार्थी | क्लिनिक के सह-संयोजक डॉ. गौरव पटेल ने समाज में व्याप्त सामाजिक दूरी समाप्त करने पर दिया जोर

प्रयागराज, 26 नवम्बर 2026। संविधान दिवस पर हण्डिया तहसील के ग्राम मुन्तजीपुर में ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय था कि कानूनी कठिनाई आने पर सहायता किससे और कैसे माँगी जाए। सी.एम.पी. डिग्री कॉलेज, प्रयागराज के विधि विभाग के विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र ने ग्राम प्रधान एवं प्रधान संघ, सैदाबाद के अध्यक्ष श्री राम बाबू सिंह के सहयोग से ‘न्याय चला गाँव की ओर’ विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने भाग लिया। विधि शिक्षकों ने निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के उपाय बताए, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया और स्थानीय कलाकारों ने लोकगीतों के माध्यम से संविधान तथा बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को याद किया।

ग्राम प्रधान श्री राम बाबू सिंह ने ग्रामवासियों की ओर से अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों का स्वागत किया। विधि विभाग के संयोजक प्रो. शिव शंकर सिंह ने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा ने भारत का संविधान अंगीकृत किया था। संविधान की उद्देशिका में उल्लिखित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता का उल्लेख करते हुए उन्होंने इन मूल्यों को दैनिक व्यवहार से जोड़ा। उन्होंने कहा कि गाँव के सार्वजनिक विषयों पर प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने का अवसर मिले और सबके साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार हो, तभी ये मूल्य सामुदायिक जीवन में दिखाई देते हैं।

कार्यक्रम तथा विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र के संयोजक डॉ. रमेश कुमार भारती ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था से परिचित कराया। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज की भूमिकाएँ समझाईं। उनका विशेष जोर इस बात पर था कि अधिवक्ता का खर्च उठाने में कठिनाई होने पर व्यक्ति को मालूम हो कि वह अपनी समस्या लेकर कहाँ जाए। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि प्रारम्भिक मार्गदर्शन के लिए वे महाविद्यालय के विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र से भी संपर्क कर सकते हैं। विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की समस्या धैर्य से सुनना और उसे सरल भाषा में अगला कदम समझाना उनके विधिक प्रशिक्षण का महत्त्वपूर्ण अंग है।

क्लिनिक के सह-संयोजक डॉ. गौरव पटेल ने समाज में व्याप्त सामाजिक दूरी को समाप्त करने पर जोर दिया। संविधान दिवस पर उनके संबोधन का प्रमुख विषय समाज के विभिन्न वर्गों के बीच की दूरी और उसे दूर करने की आवश्यकता रहा। डॉ. रमेश कुमार सिंह ने ‘न्याय चला गाँव की ओर’ अभियान के उद्देश्य पर विचार रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जानकारी स्थानीय बोलचाल की भाषा में पहुँचाने का महत्त्व बताया। क्लिनिक के सदस्य डॉ. राकेश कुमार गौतम, डॉ. तुषार श्रीवास्तव और डॉ. अंजलिका तथा विधि विभाग के शिक्षक डॉ. अशोक कुमार ने भी सभा को संबोधित किया।

स्थानीय वक्ता श्री भोला पासी ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संघर्षों का स्मरण किया और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया। इसी क्रम में स्थानीय लोक कलाकार श्री अमरनाथ चंचल और उनके साथियों ने संविधान और बाबासाहेब पर केंद्रित लोकगीत प्रस्तुत किया। आयोजन की स्थानीय व्यवस्थाएँ सँभालने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले श्री राजकुमार ने गीत ‘मगर बेटे कचहरी न जाना’ प्रस्तुत किया। विधिक सहायता पर हुई बातचीत के बीच कचहरी का प्रसंग गाँव के अपने कलाकार की आवाज़ में भी सुनने को मिला।

विधि विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विधिक सहायता की आवश्यकता को ग्रामीण जीवन की परिस्थितियों से जोड़कर प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने पाँच जनकल्याणकारी योजनाओं पर संक्षिप्त प्रस्तुतियाँ भी दीं, जिनमें योजनाओं के उद्देश्य, संभावित लाभार्थियों और अधिक जानकारी प्राप्त करने के माध्यमों से ग्रामीणों को परिचित कराया गया। क्लिनिक के स्वयंसेवकों और सांस्कृतिक दल ने मंच संचालन, प्रस्तुतियों और कार्यक्रम के समन्वय में सहयोग किया।

Related posts

Leave a Comment