पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज श्री जोगेंद्र कुमार एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा के द्वारा शनिवार को माघमेला–2026 में देश- विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों की सुरक्षा एवं सुगम स्नान, पूजन को दृष्टिगत रखते हुए नाविक संघ के पदाधिकारियों, नाविकों एवं गोताखोरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी के द्वारा नाविक संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि माघ मेला में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोई भी नाविक अपनी नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक व्यक्तियों को न बैठाए, क्योंकि क्षमता से अधिक व्यक्तियों को बैठाकर नौ-संचालन करने से दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि नाव में सवार प्रत्येक व्यक्ति को ‘लाइफ सेविंग जैकेट’ पहनाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति अथवा दुर्घटना की दशा में जनहानि को रोका जा सके। इसके साथ ही समस्त नाविकों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि निर्धारित दर से अधिक किराया किसी भी दशा में न वसूला जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुरक्षित स्नान एवं सुरक्षित यात्रा सर्वोपरि एवं प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है।कहा कि नाविकों का व्यवसाय भी हो और श्रद्धालुओं का किसी भी प्रकार का शोषण भी ना हो और उनकी आस्था को किसी तरह ठेंस भी ना पहुँचे यह सुनिश्चित किया जाना हैं इसलिये नाविकों एवं पुलिस प्रशासन से पारस्परिक संवाद आवश्यक है।उन्होंने नाविक संघ के द्वारा प्रस्तुत दस माँगो पर विचार विमर्श कर यथोचित् निर्णय लिये जाने का आश्वासन दिया और सभी नाविकों को सुरक्षा नियमों का शत प्रतिशत अनुपालन करने के लिए कहा ।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज डॉ. अजय पाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक माघ मेला श्री नीरज कुमार पाण्डेय, नोडल अधिकारी माघ मेला श्री विजय आनन्द, पुलिस उपाधीक्षकगण, प्रभारी एस.डी.आर.एफ., कम्पनी कमांडर पी.ए.सी. (बाढ़) सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
माघ मेला–2026: श्रद्धालुओं की जल-सुरक्षा को लेकर नाविकों के साथ पुलिस-प्रशासन की बैठक, दिशा-निर्देश जारी