मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया को दी 655.45 करोड़ की विकास सौगात, 19 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया दौरे के दौरान जनपद को बड़ी विकास सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लगभग 655.45 करोड़ रुपये लागत की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 8 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 11 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा।

भीमपुर गौरा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और “प्रदेश का विकास किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पूर्वांचल में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने देवरिया-कसया फोरलेन परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, रोजगार और आवागमन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश अब विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक और मजबूत सड़कों के निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बिटुमिन की बढ़ती समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में सीमेंट आधारित सड़कें बेहतर विकल्प बनेंगी, जिससे सड़कें अधिक टिकाऊ होंगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों से जुड़े लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

Related posts

Leave a Comment