भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, व्यापारियों एवं नागरिकों की समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

प्रयागराज, 15 जून। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, प्रयागराज के एक प्रतिनिधिमंडल ने महानगर अध्यक्ष श्री योगेश गोयल के नेतृत्व में नगर आयुक्त श्री सीलम साईं तेजा से शिष्टाचार भेंट कर व्यापारियों एवं आम नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि वर्तमान समय में व्यापारिक गतिविधियों में आई मंदी के कारण अनेक व्यापारी एवं नागरिक आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में हाउस टैक्स एवं वाटर टैक्स को एकमुश्त जमा करना कई लोगों के लिए कठिन हो रहा है। इसलिए नगर निगम द्वारा लोगों को हाउस टैक्स एवं वाटर टैक्स किस्तों में जमा करने का विकल्प प्रदान किया जाए, जिससे उन्हें आर्थिक सुविधा मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। महानगर अध्यक्ष श्री योगेश गोयल ने बताया कि शहर के अधिकांश पुराने क्षेत्रों एवं मोहल्लों में गलियां अत्यंत संकरी हैं, जिसके कारण नगर निगम की बड़ी सफाई एवं सीवर सफाई गाड़ियां वहां तक नहीं पहुंच पाती हैं। परिणामस्वरूप कई स्थानों पर नियमित सफाई एवं सीवर सफाई का कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने मांग की कि छोटी सफाई एवं सीवर सफाई गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि शहर की संकरी गलियों में भी प्रभावी ढंग से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहनों के संचालन के लिए निश्चित समय निर्धारित किया जाए, क्योंकि दिन के व्यस्त समय में इनके संचालन से कई स्थानों पर यातायात बाधित होता है और जाम की समस्या उत्पन्न होती है। जिलाध्यक्ष श्री राजकुमार केशरवानी ने कहा कि बरसात के मौसम में शहर के अनेक चौराहों एवं स्पीड ब्रेकरों के आसपास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आमजन एवं वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पूर्व में चिन्हित एवं सुधार हेतु स्वीकृत स्पीड ब्रेकरों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की। वरिष्ठ महामंत्री श्री नवीन अग्रवाल ने एंग्लो बंगाली स्कूल, जीरो रोड पार्क एवं लक्ष्मण मार्केट क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को उठाते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में उचित पार्किंग व्यवस्था विकसित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर पेयजल की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सदैव व्यापारियों एवं आम नागरिकों की समस्याओं को सकारात्मक एवं रचनात्मक तरीके से प्रशासन के समक्ष उठाता रहा है तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा। नगर आयुक्त श्री सीलम साईं तेजा ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल, वरिष्ठ महामंत्री नवीन अग्रवाल, जिलाध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, महिला जिलाध्यक्ष रौशनी अग्रवाल, महिला नगर अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा गोस्वामी, महामंत्री पियूष पाण्डेय, अभिषेक केशरवानी, विकास वैश्य सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

Leave a Comment