मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय स्थित गांधी सभागार में मंडलीय खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ऋषिराज, नगर आयुक्त श्री साई तेजा, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री नीरज पांडे तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने, खेल सामग्री एवं उपकरणों की उपलब्धता, आर्थिक सहायता, जल क्रीड़ाओं के विकास, खेल अवसंरचना के विस्तार, प्रशिक्षकों की उपलब्धता, खिलाड़ियों के आवासीय प्रबंध तथा खेल परिसरों के समग्र विकास सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि मंडल के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आवश्यक संसाधन, आधुनिक खेल अवसंरचना तथा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी खेल प्रशिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक खेल से संबंधित उपकरणों, प्रशिक्षण एवं आधारभूत संरचना की आवश्यकताओं का विस्तृत आकलन तैयार करने तथा प्रत्येक खेल के समग्र विकास के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही मंडल स्तर पर प्रत्येक खेल का वार्षिक प्रतियोगिता कैलेंडर तैयार कर नियमित इंटर-स्कूल एवं मंडलीय प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
मंडलायुक्त ने बहुउद्देशीय (मल्टी-पर्पज) इंडोर खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर देते हुए ऐसी आधारभूत संरचना विकसित करने के निर्देश दिए, जिसका उपयोग एक साथ विभिन्न खेलों के लिए किया जा सके। इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन एवं लागत का आकलन तैयार करने को कहा। उन्होंने मेयो हॉल के पीछे स्मार्ट सिटी द्वारा विकसित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक अतिरिक्त व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव नगर आयुक्त को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया गया कि इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का संचालन भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ द्वारा 06 जुलाई को आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं रोइंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि खेलों के विकास के प्रति सभी संबंधित संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी एवं गंभीरता अपेक्षित है। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि रोइंग एसोसिएशन को उपलब्ध कराए गए उपकरणों का अब तक उपयोग नहीं किया गया है। इस पर मंडलायुक्त ने बिना उचित कारण बैठक में अनुपस्थित रहने तथा उपलब्ध कराए गए उपकरणों का उपयोग न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्मार्ट सिटी द्वारा उपलब्ध कराए गए सभी उपकरण वापस लेकर उन्हें बोट क्लब में सुरक्षित रखवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अगली बैठक में मंडल के सभी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारियों, बेसिक शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को आमंत्रित कर जनपदवार खेल गतिविधियों एवं उपलब्ध खेल सुविधाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल परिसरों को आत्मनिर्भर (सेल्फ-सस्टेनेबल) बनाने के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। खिलाड़ियों के आवास की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने केवल डॉरमेट्री के बजाय भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक आधुनिक एवं विशाल स्पोर्ट्स हॉस्टल विकसित करने पर बल दिया। इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर भूमि चिन्हांकन कर पृथक बजट प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के दौरान खिलाड़ियों एवं टीमों के लिए पर्याप्त आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में प्रयागराज के विभिन्न खेल परिसरों के विकास एवं खिलाड़ियों की सुविधाओं के विस्तार से संबंधित अनेक प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया गया। इसके अंतर्गत अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, म्योहाल में लॉन टेनिस एवं बास्केटबॉल कोर्ट की प्रकाश व्यवस्था के उन्नयन, टेबल टेनिस हॉल में एयर कंडीशनर तथा खिलाड़ियों के लिए वाटर कूलर की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई। मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में जूडो एवं ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए अभ्यास स्थल, टीन शेड, खेल सामग्री, वेटलिफ्टिंग उपकरण तथा पेयजल सुविधाओं के विकास को भी मंजूरी दी गई। वहां पर विद्युत व्यवस्था, पेयजल, वाटर कूलर एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जॉर्ज टाउन तरणताल में लगभग 250 खिलाड़ियों की क्षमता वाले हॉस्टल/डॉरमेट्री, सोलर लाइट, जल क्रीड़ा संबंधी आधारभूत सुविधाओं तथा कयाकिंग, कैनोइंग एवं रोइंग के लिए आवश्यक नौकाओं एवं उपकरणों की व्यवस्था को स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं हैंडबॉल ग्राउंड, नैनी में खेल उपकरण, फ्लड लाइट, पेयजल तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास संबंधी प्रस्तावों को भी अनुमोदित किया गया।
बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत विकसित खेल अवसंरचना की भी समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि फेज-1 एवं फेज-2 के अंतर्गत विकसित विभिन्न खेल परिसरों एवं कोर्टों का संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। फेज-1 के अंतर्गत हिन्दू महिला इंटर कॉलेज, के.पी. गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), कर्नलगंज इंटर कॉलेज, मैरी वाना मेकर गर्ल्स इंटर कॉलेज, मॉडल प्राइमरी स्कूल तथा सीएवी इंटर कॉलेज में बास्केटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल एवं लॉन टेनिस कोर्ट विकसित किए गए हैं। इसी प्रकार फेज-2 के अंतर्गत भारत स्काउट गाइड स्कूल, सीएवी इंटर कॉलेज, डी.पी. गर्ल्स इंटर कॉलेज, प्रयाग महिला विद्यापीठ इंटर कॉलेज, प्रयाग महिला विद्यापीठ डिग्री कॉलेज तथा के.पी. इंटर कॉलेज में बास्केटबॉल, हॉकी एवं हैंडबॉल कोर्ट, मल्टी-पर्पज हॉल, टेबल टेनिस, सिंथेटिक बैडमिंटन, सिंथेटिक बास्केटबॉल, सिंथेटिक वॉलीबॉल, सिंथेटिक लॉन टेनिस कोर्ट तथा ट्रैक/वॉकिंग ट्रैक जैसी आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं।
इसके अतिरिक्त स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हॉकी टर्फ, वॉलीबॉल कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट तथा बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण कराया गया है। वहीं मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 8-लेन सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के साथ जूनियर लॉन टेनिस कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, रेसलिंग एरिया, हैंडबॉल कोर्ट तथा बास्केटबॉल कोर्ट सहित विभिन्न खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। बैठक में इन सभी खेल परिसरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करते हुए खिलाड़ियों को शीघ्र उपलब्ध कराने तथा उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।