प्रयागराज। समाजसेवी रजनीकांत श्रीवास्तव ने कहा कि बरसात की शुरुआत होते ही विद्यार्थी नगर, चकदोदी सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों में भय का वातावरण बन जाता है। हल्की बारिश होते ही सड़कों, गलियों और घरों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। जलभराव के कारण आवागमन बाधित होता है तथा नालियों और सीवर की गंदगी पेयजल में मिल जाने से लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
रजनीकांत श्रीवास्तव ने कहा कि यदि संबंधित विभाग समय रहते नालियों, नालों एवं सीवर लाइनों की नियमित सफाई कराए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, तो हर वर्ष उत्पन्न होने वाली इस गंभीर समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहना चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय समन्वय बनाकर स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कॉटन मिल मुख्य मार्ग से लेकर अरेल तिराहा होते हुए चकदोदी एवं कसाई मोहल्ला तक नालियों, सीवर लाइनों और जल निकासी मार्गों की तत्काल सफाई करानी चाहिए, ताकि बरसात के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
रजनीकांत श्रीवास्तव ने कहा कि अभी भी समय है। यदि प्रशासन गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कदम उठाए, तो क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिल सकती है तथा अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
बरसात से पहले नालों, सीवर व जल निकासी व्यवस्था की समुचित सफाई कराए प्रशासन : रजनीकांत श्रीवास्तव