जनता के हित व विकास के लिए कार्य करें: डिप्टी सीएम
भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में प्रयागराज नगर निगम कार्यकारिणी के विजयी सदस्यों व पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से लखनऊ कालिदास मार्ग स्थित उनके कैंप कार्यालय पर शिष्टाचार मुलाकात की। भाजपा जिला मीडिया विभाग के विवेक मिश्रा ने बताया कि इस दौरान डिप्टी सीएम ने विजयी सदस्यों को बधाई व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जनता के हित व विकास के लिए कार्य करने को लेकर तत्पर रहने को कहा। डबल इंजन सरकार की विकास परक योजनाएं हर वार्ड में पहुँचें इसके लिए डिप्टी सीएम ने कार्यकारिणी सदस्यों से जनता से संवाद करते रहने का आह्वाहन किया। वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं से उनका कुशल क्षेम पूछते हुए बुधवार को होने वाले बूथ सम्मेलन व 2027 की तैयारियों को लेकर चर्चा की। डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं से 2027 के लिए पूरी मेहनत से लग जाने का आह्वाहन किया। बूथ सम्मेलन को लेकर विभिन्न जा जानकारियां भी डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं से ली। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और बूथ जीता तो चुनाव जीता के फार्मूले पर काम करने की रणनीति पर बल देते हुए कहा कि बूथ स्तर पर यदि संगठन मजबूत होगा तो 2027 की विजय सुनिश्चित होगी। नगर निगम कार्यकारिणी की विजयी पार्षद श्रीमती दीपिका सिंह पटेल, पार्षद आकाश सोनकर, पार्षद आशीष द्विवेदी व पार्षद पंकज जायसवाल उपस्थित रहे।