क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन

महाप्रबंधक ने किया मुख्यालय की राजभाषा पत्रिका ‘रेल संगम’ के लेखा विभाग विशेषांक का विमोचन
उत्‍तर मध्‍य रेलवे मुख्‍यालय में महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता में 19.12.2025 को उत्‍तर मध्‍य रेलवे क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री नरेश पाल सिंह ने कहा कि संघ की राजभाषा नीति को लागू करना हम सबका संवैधानिक कर्तव्‍य और कानूनी दायित्‍व है। हमारी रेलवे राजभाषा कार्यान्‍वयन की दृष्टि से पूरी तरह ‘क’ क्षेत्र में स्थित है। हमारे अधिकतर अधिकारी और कर्मचारी या तो हिंदी में प्रवीणता प्राप्‍त है या उन्‍हें कार्यसाधक ज्ञान प्राप्‍त है। इसलिए हमें पूरी कर्तव्य भावना के साथ राजभाषा हिंदी का प्रयोग प्रसार करना चाहिए और राजभाषा कार्यान्‍वयन से संबंधित विभिन्‍न प्रावधानों को लागू करने के लिए गृह मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड स्‍तर से प्राप्‍त सभी आदेशों, निर्देशों, कार्यक्रमों आदि पर पूरी तत्‍परता से कार्रवाई की जानी चाहिए। श्री नरेश पाल सिंह ने कहा कि स्‍टेशनों पर यात्री एवं ग्राहक सेवा और सुविधाओं से संबंधित सूचनाओं तथा अन्‍य सभी मदों में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अनिवार्य रूप से प्रयोग किया जाए तथा इन्‍हें हिंदी- अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रदर्शित किया जाए। श्री नरेश पाल सिंह ने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट हिंदी में बनाए जा रहे हैं। इन्हें सभी स्तर पर हिंदी में बनाया जाना सुनिश्चित किया जाए। महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को सभी प्रकार के पत्राचार, टिप्पणियों, डिक्टेशन विभागीय कार्यवाहियों अदि की मदों में हिंदी अथवा हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी के प्रयोग में हासिल प्रगति को बनाए रखने और अपेक्षित लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने निर्देश दिए कि संरक्षा, परिचालन, यांत्रिक, सिगनल तथा बिजली विभाग सहित सभी विभागों द्वारा रेल संचालन से संबंधित सभी परिपत्रों, निर्देशों, नियमावली, गेट संचालन अनुदेश, मैनुअलों आदि को अनिवार्य रूप से एक साथ हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में जारी किया जाए तथा इस पर निरंतर निगरानी रखी जाए। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने मुख्यालय की राजभाषा पत्रिका ‘रेल संगम’ के लेखा विभाग विशेषांक का विमोचन किया।

बैठक में उप मुख्‍य राजभाषा अधिकारी एवं उप मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर/प्रोजेक्ट श्रीमती प्रियंका सिह ने समिति के अध्यक्ष महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह और सभी सदस्‍यों का स्वागत किया और राजभाषा के प्रयोग-प्रसार के लिए किए गए कार्यों और हासिल की गई उपलब्धियों से अवगत कराया। श्रीमती प्रियंका सिह ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आगरा में बिजली कर्षण वितरण शाखा में किए जा रहे कार्यों की राजभाषा प्रदर्शनी लगाई गई तथा राजभाषा के प्रयोग-प्रसार की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के एक अधिकारी और तीन कर्मचारियों को राजभाषा में उत्कृष्ट कार्यनिष्पादन के लिए रेलवे बोर्ड के व्यक्तिगत नकद पुरस्कार योजना का पुरस्कार प्रदान किया गया है। श्रीमती सिंह ने वर्तमान तिमाही में सतर्कता जागरूकता सप्ताह और स्वच्छता पखवाड़ा के अवसर पर मंडलों और काखानों में आयोजित की गई प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक श्री जे.एस. लाकरा और सभी प्रधान विभागाध्‍यक्षों सहित अन्‍य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे। मंडलों और कारखानों के सदस्य अधिकारियों ने आन लाइन सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्‍ठ राजभाषा अधिकारी श्री चन्‍द्र भूषण पाण्‍डेय ने किया।

Related posts

Leave a Comment