सिविल लाइंस बस अड्डा 21 दिसंबर से बंद होगा। यहां से चलने वाली वाराणसी, गोरखपुर और जौनपुर रूट की बसों का संचालन रविवार से झूंसी वर्कशॉप स्थित रोडवेज के अस्थायी स्टेशन से होगा। इस संबंध में प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों, जिला और पुलिस प्रशासन के अफसरों को पत्र भेजा है।
सिविल लाइंस बस स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की वजह से पिछले दिनों लखनऊ, अयोध्या एवं कानपुर रूट की बसें विद्या वाहिनी मैदान पर शिफ्ट की गई हैं, जबकि वाराणसी और गोरखपुर रूट की बसें सिविल लाइंस से ही चल रही थीं। पिछले दिनों अमर उजाला ने बस स्टेशन के बाहर लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया था। इसके बाद ही अधिकारियों ने गोरखपुर और वाराणसी रूट की बसें झूंसी में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी थी।
अमर उजाला की खबर पर रोडवेज प्रशासन ने मुहर लगाते हुए बसें शिफ्ट करने की बात कही है। वहीं, पिछले दिनों जिला महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष अवंतिका टंडन ने भी पुलिस कमिश्नर एवं जिला प्रशासन के अफसरों के सामने बस अड्डे के सामने लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया था।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि रविवार से उक्त मार्ग की बसें झूंसी से ही चलेंगी। हो सकता है कुछ बसें सिविल लाइंस से भी संचालित हों लेकिन हमारा प्रयास होगा कि एक दो दिन में सभी बसें झूंसी ही शिफ्ट कर दी जाएं।