प्रयागराज। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), प्रयागराज में विश्व ध्यान दिवस (21 दिसंबर) के पावन एवं शुभ अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पूज्य गुरुदेव सद्गुरु स्वामी कृष्णानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संयोजन सद्विप्र समाज सेवा उत्तर प्रदेश द्वारा वीरभद्र प्रताप के संयोजन में किया गया।
इस अवसर पर पूज्य गुरुदेव स्वामी कृष्णानंद जी महाराज द्वारा दिए गए संदेशों को प्रशिक्षुओं को आत्मसात कराते हुए ध्यान के महत्व, उसके आध्यात्मिक, मानसिक एवं नैतिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में बताया गया कि ध्यान से व्यक्ति के जीवन में आत्मशांति, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच एवं नैतिक दृढ़ता का विकास होता है। आज के तनावपूर्ण युग में ध्यान शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को पूज्य गुरुदेव जी के प्रेरणादायी संदेशों को आत्मसात करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने सेवा, सद्भाव, अनुशासन एवं मानव कल्याण को जीवन का मूल उद्देश्य बताते हुए सभी को इन्हें अपने आचरण में उतारने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर प्रशिक्षुओं को पूज्य गुरुदेव के यूट्यूब चैनल “सतगुरु धाम टाइम्स लाइव एवं सनातन सतगुरु चैनल ” तथा आस्था चैनल पर प्रतिदिन प्रसारित होने वाले आशीर्वचनों को नियमित रूप से सुनने, देखने एवं आत्मसात करने हेतु प्रेरित किया गया, जिससे वे अपने जीवन को आध्यात्मिक रूप से सुदृढ़, संतुलित एवं सकारात्मक दिशा प्रदान कर सकें।
कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक ध्यान अभ्यास भी कराया गया, जिसमें प्रशिक्षुओं ने एकाग्रता, आत्मअनुशासन एवं आंतरिक शांति का अनुभव किया। उपस्थित शिक्षकों एवं आयोजकों ने इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं मूल्यपरक कार्यक्रमों को प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम शांत, अनुशासित एवं आध्यात्मिक वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अंत में आयोजकों द्वारा पूज्य गुरुदेव स्वामी कृष्णानंद जी महाराज के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए सभी प्रशिक्षुओं को उनके संदेशों को जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
डायट में विश्व ध्यान दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन