सद्विप्र समाज सेवा शिविर में मानवता के कल्याण की भावना से अनुष्ठान निरंतर जारी

पूज्य गुरुदेव स्वामी श्री कृष्णानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में सद्विप्र समाज सेवा शिविर, सेक्टर नंबर–2, माघ मेला, प्रयागराज में विश्व शांति, राष्ट्र कल्याण एवं समस्त मानवता के कल्याण की भावना से भव्य हवन अनुष्ठान निरंतर जारी है। इस पावन वैदिक अनुष्ठान का विधिवत संचालन आचार्य कुणाल स्वामी एवं आचार्य जनेश्वर स्वामी तथा महात्मा रामू बाबा द्वारा शुद्ध वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ किया जा रहा है।हवन के माध्यम से संपूर्ण वातावरण को सात्त्विक, सकारात्मक एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण किया जा रहा है। इस अवसर पर पूज्य गुरुदेव स्वामी श्री कृष्णानंद जी महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचनों में बताया कि यज्ञ एवं हवन केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि समाज, राष्ट्र और विश्व में शांति, सद्भाव, पर्यावरण संतुलन एवं नैतिक चेतना के जागरण का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक कल्याण की भावना से किया गया यज्ञ समस्त सृष्टि को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।कार्यक्रम का सफल संचालन शिविर संचालक वीरभद्र प्रताप सिंह द्वारा किया जा रहा है। इस पावन आयोजन का संयोजन डॉ. कल्पराज सिंह, वरिष्ठ सदस्य लोक सेवा आयोग एवं माननीय न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय इलाहाबाद, श्रीमती मंजू रानी चौहान के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संपन्न हो रहा है।हवन अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत एवं सेवाभावी कार्यकर्ता सहभागिता कर रहे हैं। सभी ने यज्ञाग्नि में आहुति अर्पित कर विश्व शांति, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याण की कामना की। वैदिक मंत्रों की गूंज एवं यज्ञ की दिव्यता से संपूर्ण शिविर क्षेत्र आध्यात्मिक चेतना से आलोकित हो उठा।आयोजकों के अनुसार, यह हवन अनुष्ठान माघ मेला अवधि तक निरंतर जारी रहेगा तथा इसके साथ सेवा, साधना एवं सामाजिक जागरण से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहेंगे ।

Related posts

Leave a Comment