डायट प्रयागराज में प्राथमिक एवं जूनियर शिक्षकों हेतु आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), प्रयागराज में दिनांक 21 से 24 जनवरी तक आयोजित तीन दिवसीय प्राथमिक एवं जूनियर शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफल समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डायट प्राचार्य श्री रमेश कुमार तिवारी के कुशल दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. अमित सिंह एवं श्री पंकज कुमार यादव ने प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि डायट प्रवक्ता श्री विवेक त्रिपाठी संदर्भदाता के रूप में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र को राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 को केंद्र में रखते हुए इस प्रकार रूपरेखित किया गया कि कक्षा 1 से 8 तक अध्यापनरत शिक्षकों की शैक्षिक दक्षताओं, विषयगत समझ एवं शिक्षण कौशलों का सुदृढ़ीकरण हो सके। प्रशिक्षण के दौरान सामाजिक विज्ञान के विविध विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही नवीन शिक्षण सहायक सामग्रियों, आधुनिक शिक्षण विधियों एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण के माध्यम से तथ्यों एवं आँकड़ों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की विधियों पर विशेष बल दिया गया।
तीन दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागी शिक्षकों को शैक्षिक नवाचारों, व्यवहारिक शिक्षण रणनीतियों एवं कक्षा-कक्षीय अनुप्रयोगों से परिचित कराया गया, जिससे वे प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रभावी रूप से लागू कर सकें। समापन सत्र के अवसर पर डायट प्राचार्य श्री रमेश कुमार तिवारी ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नवीन शैक्षिक दृष्टि प्रदान करते हैं तथा शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावशाली, रुचिकर एवं परिणामोन्मुख बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समापन अवसर पर डायट के समस्त प्रवक्ता एवं प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related posts

Leave a Comment