देवरिया, 21 मई।
उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के 22 मई को प्रस्तावित देवरिया आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत योजना जारी कर दी गई है। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न मार्गों पर अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार वीआईपी वाहनों की पार्किंग इफको खाद केंद्र के सामने स्थित खाली स्थान पर की जाएगी। इसके अलावा शहर एवं कसया मार्ग की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ एवं जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
देवरिया शहर की तरफ से कार्यक्रम स्थल पर आने वाले वाहनों के लिए कान्हा मैरेज हाल के सामने सिटी एंड क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त आइडियल सेंट्रल स्कूल मार्ग पर सिटी एंड क्षेत्र में पार्किंग स्थल बनाया गया है। पंकज बीज कंपनी के बगल नहर के पास होटल विनायक के पीछे भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं बाइपास रोड पर भी वाहनों के खड़े करने के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
कसया मार्ग की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भगौतीपुर लिंक मार्ग पर दो अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इसके अलावा कल्याणम मैरेज हाल के उत्तर दिशा में कसया मार्ग पर भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नीरज वर्मा मैरेज हाल के बगल में भी वाहनों को खड़ा किया जाएगा। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने कसया मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
प्रशासन ने गौरा चौराहा क्षेत्र में भी विशेष पार्किंग व्यवस्था की है। यहां 973 पौधशाला के सामने तथा अंबे पौधशाला के अंदर वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।