16 यूपी बटालियन एन.सी.सी. के नेतृत्व में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर–63 प्रारम्भ

प्रयागराज : युवा शक्ति में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के सशक्त संवर्धन हेतु एन.सी.सी. ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज के तत्वावधान में 16 यूपी बटालियन एन.सी.सी. प्रयागराज द्वारा 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर–63 का आयोजन बी.बी.एस. विद्या मंदिर, कादिलपुर, प्रयागराज परिसर में किया जा रहा है। शिविर में एन.सी.सी. ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज की विभिन्न इकाइयों के कैडेट्स उत्साह एवं पूर्ण सैन्य अनुशासन के साथ सहभागिता कर रहे हैं।

शिविर का शुभारम्भ कैम्प कमांडेंट कर्नल निशांत बरियार द्वारा उद्घाटन संबोधन एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के मूल मंत्र “एकता एवं अनुशासन” की शपथ दिलाकर किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कैडेट्स से राष्ट्रसेवा, समर्पण, ईमानदारी, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे सैनिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एन.सी.सी. केवल प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सशक्त पाठशाला है, जो युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सेवा भावना का विकास करती है। शिविर के दौरान कैडेट्स को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, आत्मअनुशासन, फील्ड क्राफ्ट, हथियार प्रशिक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कैम्प कमांडेंट कर्नल बरियार द्वारा कैडेट्स के आवास, भोजन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। भीषण गर्मी एवं विपरीत मौसम की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए शिविर परिसर में व्यापक सुरक्षा एवं बचाव प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। डिप्टी कैम्प कमांडेंट मेजर संतोष जायसवाल ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं में अनुशासन, सेवा एवं राष्ट्र समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। भीषण गर्मी के बावजूद कैडेट्स का मनोबल उच्च है तथा सभी कैडेट्स पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ शिविर गतिविधियों में सहभागिता कर रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment