अंधेरा होते ही अनहोनी की आशंका से बच्चे हो जाते हैं घरों के अंदर क़ैद
सड़वा का जंगल कटने से जहरीले जीव जंतुओं का खतरा
नैनी, प्रयागराज। औद्योगिक क्षेत्र स्थित सड़वा कला के मासूम बच्चों ने स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई हैं। जहां देर शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। बच्चों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह सभी सीएम से स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए अपील कर रहे हैं। मामला नैनी औद्योगिक क्षेत्र के सड़वा कला प्रयागराज नगर निगम, नैनी जोन 5 के अंतर्गत वार्ड नंबर 70 के तहत आता है। सड़वा कला स्थित जंगल को सरस्वती हाइटेक सिटी के निर्माण हेतु बीते कई दिनों से युद्ध स्तर पर वर्षों पुराने घने जंगल को पूरी तरह से काटने का सिलसिला यानी की हरियाली को उजाड़ने का क्रम जारी है। नतीजा यह हो गया है कि सड़वा के जंगल में रहने वाले जहरीले जीव जंतु जैसे अजगर, सर्प, बन बिच्छू, सियार सहित नीलगाय आदि अब जंगल से निकलकर रिहायशी इलाकों की ओर विचरण करने लगे हैं। स्ट्रीट लाइट न लगने की वजह से देर शाम होते ही सड़वा कला तिराहे से लेकर रिहायशी इलाकों में पूरी तरह से अंधेरा हो जाता है। कई बार तो अंधेरे की वजह से लूट की गंभीर आपराधिक घटनाएं भी घट चुकी है। नतीजा अभिभावक किसी अनहोनी व डर की वजह से जैसे ही देर शाम अंधेरा छा जाता है लोग अपने-अपने मासूम बच्चों को घरों के अंदर बंद कर देते हैं। कई बार नगर निगम नैनी जोन 5 से संबंधित अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों से लोगों ने स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए गुहार लगाई है लेकिन लोगों की कोई सुनवाई नहीं हुई। बता दें की संबंधित जनप्रतिनिधियों से लेकर नगर निगम प्रयागराज से जुड़े विभागीय अधिकारियों को यहां की भौगोलिक स्थिति से पूरी तरह जानकारी दी गई लेकिन ऐसे लापरवाहो ने लोगों की एक नहीं सुनी। नतीजा यह कि जैसे ही अंधेरा होता है, भीषण गर्मी की ताप से जंगल में रहने वाले जहरीले जीव जंतु सड़क से लेकर रिहायशी इलाकों के घरों में मंडराने लगते हैं। इतना ही नहीं, कई बार लोगों के बाउंड्रीवॉल फांदकर जीव जंतु, जानवर घरों के अंदर भी आ चुके हैं। जब जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों नहीं सुना तो बच्चों ने सीधे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए कहा कि योगी अंकल लाइट लगवा दो, हम बच्चों की भी सुन लो.. जिसका वीडियो इंटरनेट प्लेटफार्म पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार सभी जिम्मेदारों से गुहार लगाया गया कि स्ट्रीट लाइट लगवा दें। ताकि किसी भी प्रकार की हानि से हमारे मासूम बच्चों सहित सभी बच सके, लेकिन लापरवाही की हदों को पार करने वालो ने लोगों की एक भी नहीं सुनी। लोगों ने नगर निगम प्रयागराज के मेयर से भी स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए गुहार लगाई तथा यहां तक कहा कि यदि मेयर सहित संबंधित विभाग स्ट्रीट लाइट लगवाने में असक्षम हो तो वह जानकारी मुहैया करा दें, जिससे लोग स्वयं ही आपस में चंदा इकट्ठा कर स्ट्रीट लाइट लगवा सकें। ताकि अपने नौनिहालों को किसी अनहोनी से बचाया जा सके।