अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर प्रयागराज मंडल में व्यापक जन-जागरूकता अभियान

मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री यू सी शुक्ला के नेतृत्व में आज दिनांक 09 जून, 2026 को अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस के अवसर पर प्रयागराज मंडल के विभिन्न समपार फाटकों पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समपार फाटकों पर सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देना तथा रेल एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को संभावित दुर्घटनाओं से बचाने के लिए जागरूक करना था। अभियान के अंतर्गत विभिन्न समपार फाटकों पर नुक्कड़ नाटक, पम्पलेट वितरण एवं आमजन की काउंसलिंग जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में प्रयागराज छिवकी-लिंक जंक्शनके मध्य स्थित समपार फाटक संख्या-34 तथा नैनी यार्ड स्थित समपार फाटक संख्या-35R सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों को समपार फाटकों पर अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी।

अभियान के दौरान लोगों को बंद समपार फाटक को पार न करने, चेतावनी संकेतों एवं रेलवे कर्मियों के निर्देशों का पालन करने, रेलगाड़ी के गुजरने से पूर्व एवं पश्चात पर्याप्त सावधानी बरतने तथा जल्दबाजी में किसी प्रकार का जोखिम न उठाने के लिए प्रेरित किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समपार फाटकों पर असावधानी से होने वाली दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।

प्रयागराज मंडल प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता एवं सतत जागरूकता के माध्यम से समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। मंडल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे रेल सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में रेलवे को सुरक्षित बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

Related posts

Leave a Comment