कशिश मीडिया के स्थापना दिवस पर ‘शान-ए-उत्तर प्रदेश’ सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

लखनऊ/प्रयागराज। हिंदी दैनिक समाचार पत्र, वेब पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल कशिश मीडिया के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को यूपी प्रेस क्लब, चाइना बाजार रोड, हजरतगंज, लखनऊ में ‘शान-ए-उत्तर प्रदेश’ सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश एवं देश के विभिन्न जनपदों से आए वरिष्ठ पत्रकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व डीजीपी एवं फूड डीजीपी डॉ. सूर्य प्रकाश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार समाज और शासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है तथा पत्रकारों को सदैव सत्य और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि सीएमओ बहराइच डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता समाज के विकास और जनकल्याण में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकार मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकारों की सुरक्षा, समस्याओं तथा बदलते पत्रकारिता परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल देते हुए समाज में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कशिश मीडिया के संपादक मोहम्मद जिया सिद्दीकी ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले पत्रकार सदैव सम्मान के पात्र हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन सुधीर सिंह एवं आनंद श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में कानपुर, गोरखपुर, बहराइच, लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, आगरा, वाराणसी, हरिद्वार, सोनभद्र, बांदा, दिल्ली, भोपाल, उज्जैन सहित देश एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों और कलमकारों ने भाग लिया।

इस अवसर पर पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, समाज सेवा एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों, साहित्यकारों और समाजसेवियों को ‘शान-ए-उत्तर प्रदेश सम्मान’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सम्मानित कलमकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

समारोह ने पत्रकारों के बीच संवाद, एकता और सम्मान की भावना को मजबूत करते हुए समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।

Related posts

Leave a Comment