कौशल, सृजन और स्वाद का संगम: गृह विज्ञान प्रयोगात्मक कार्य में प्रशिक्षुओं ने दिखाई प्रतिभा

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), प्रयागराज में आज समाज उपयोगी उत्पादक कार्य (SUPW) के अंतर्गत गृह विज्ञान विषय की प्रयोगात्मक गतिविधि के रूप में पाक-कला (Cooking) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डी.एल.एड. 2024 बैच के प्रशिक्षुओं द्वारा विविध व्यंजनों का निर्माण एवं प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में डायट के प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक श्री राजेंद्र प्रताप, वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. भारती त्रिपाठी सहित संस्थान के समस्त प्रवक्ता एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं निर्देशन गृह विज्ञान प्रवक्ता श्रीमती वर्तिका कुशवाहा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। यह गतिविधि सप्ताहभर संचालित होगी, जिसके अंतर्गत विभिन्न राज्यों के पारंपरिक एवं प्रसिद्ध व्यंजनों का निर्माण किया जाएगा। आज के कार्यक्रम में महाराष्ट्र एवं राजस्थान के प्रसिद्ध व्यंजनों का निर्माण किया गया। प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट एवं आकर्षक व्यंजनों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। व्यंजनों की प्रस्तुति, स्वाद तथा पोषण संबंधी विशेषताओं की उपस्थितजनों ने सराहना की। इस अवसर पर प्राचार्य श्री राजेंद्र प्रताप ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ न केवल व्यावहारिक कौशल का विकास करती हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता, रचनात्मकता एवं जीवनोपयोगी दक्षताओं को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अपने जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने तथा निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार व्यंजनों का स्वाद लिया तथा उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रदान कीं।

Related posts

Leave a Comment