सांसदों एवं रेलवे प्रशासन की बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक ने किया सम्मानित

सहायक वाणिज्य प्रबन्धक का स्वागत एवं विदाई समारोह आयोजित

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मण्डल में दिनांक 10 जुलाई, 2026 को आयोजित माननीय सांसदों एवं रेलवे प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आज वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक, श्री हरि मोहन द्वारा सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर सहायक वाणिज्य प्रबन्धक के स्थानांतरण एवं नवागत सहायक वाणिज्य प्रबन्धक के कार्यभार ग्रहण करने के उपलक्ष्य में स्वागत एवं विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक, श्री हरि मोहन ने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण कार्यक्रम की सफलता केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि टीम भावना, समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ किए गए सामूहिक प्रयासों से सुनिश्चित होती है। उन्होंने सांसदों की बैठक के दौरान सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि 10 जुलाई को आयोजित सांसदों की बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण थी, जिसमें जनप्रतिनिधियों द्वारा रेल यात्रियों की सुविधाओं, अधोसंरचना विकास तथा विभिन्न रेल परियोजनाओं से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा की गई। बैठक के सफल संचालन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए स्वागत, प्रोटोकॉल, बैठक व्यवस्था, आतिथ्य तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का उत्कृष्ट निर्वहन किया।

कार्यक्रम के दौरान सहायक वाणिज्य प्रबन्धक, श्री पंकज त्रिपाठी को मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक के पद पर पदोन्नति प्राप्त होने पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। पदोन्नति के उपरांत वे झांसी मण्डल में मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक के रूप में अपना दायित्व संभालेंगे। उनकी सेवाओं एवं कार्यकाल के दौरान दिए गए योगदान की सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्री पंकज त्रिपाठी के स्थान पर श्री शशि रंजन कुमार ने सहायक वाणिज्य प्रबन्धक के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

समारोह के अंत में वरिष्ठ अधिकारियों ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण, अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों के नाम श्री पंकज कुमार त्रिपाठी, सहायक वाणिज्य प्रबन्धक कोचिंग, प्रयागराज मण्डल; श्री संजय कुमार, कार्यालय अधीक्षक; श्री राहुल दूबे, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/स्टोर; श्री ज्ञानेश्वर पटेल, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/एमपीपी; श्री अरुण चंद्र पाण्डेय, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/एनएफ़आर; श्री पंकज कुमार पाण्डेय, कार्यालय अधीक्षक; श्री शरद चौहान, खान-पान निरीक्षक/प्रयागराज छिवकी; श्री विवेक कुमार, खान-पान निरीक्षक/प्रयागराज; विवेक सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/सांख्यिकी; श्री आंजनेय रंजन सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/प्लानिंग; श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, कार्यालय अधीक्षक/प्रशासन, श्री प्रितेश कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य सह टिकट लिपिक एवं श्री उत्तम पुरोहित, सामान्य सहायक हैं ।

Related posts

Leave a Comment