रायबरेली:- 23 जुलाई 2026
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के आदेशानुसार जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत उप आबकारी आयुक्त, लखनऊ प्रभार के मार्गदर्शन एवं जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त रूप से सघन दबिश अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 सरिता सिंह की टीम ने डलमऊ थाना के घूरवारा चौकी प्रभारी के साथ, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 डॉ. रमेश यादव की टीम ने थाना खीरों पुलिस के साथ तथा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 प्रशांत कुमार की टीम ने अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई की।
इस दौरान डलमऊ तहसील के थाना डलमऊ अंतर्गत ग्राम कटघर एवं पूरे नोनारी, लालगंज तहसील के थाना खीरों अंतर्गत ग्राम मोहनपुरा तथा सदर तहसील के थाना मिल एरिया अंतर्गत मक्कू का पुरवा स्थित अवैध कच्ची शराब निर्माण स्थलों एवं संदिग्ध घरों पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान कुल लगभग 68 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। साथ ही लगभग 550 किलोग्राम लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत 06 अभियोग पंजीकृत किए गए।
जनपद प्रशासन एवं आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
68 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, 06 अभियोग पंजीकृत