उत्तर प्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने शुक्रवार को सिविल लाइन्स स्थित होटल ब्लेसिंग्स इम्पीरिया में आयोजित कार्यक्रम में पेट्रोलियम रिटेल उद्योग के लिए विकसित अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘‘मेरा पम्प एप’’ का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए पेट्रोल पम्प डीलरों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा मीडिया की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं ऐप का लोकार्पण के साथ हुआ।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में माननीय उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत तेजी से डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है और ऐसे नवाचार देश के उद्यमियों को नई शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि मेरा पम्प एप पेट्रोलियम रिटेल उद्योग में तकनीकी परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है तथा यह पेट्रोल पम्प डीलरों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने संस्थापक श्री संजय सचदेवा एवं उनकी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए ऐप के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक श्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि स्थानीय स्तर पर विकसित ऐसे स्टार्टअप भारत की नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ऐप पेट्रोलियम उद्योग में आधुनिक प्रबंधन प्रणाली को नई दिशा देगा।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि तकनीक तभी सार्थक होती है जब वह आम उद्यमी के जीवन को सरल बनाए। उन्होंने कहा कि मेरा पम्प एप पेट्रोल पम्प डीलरों के लिए एक भरोसेमंद डिजिटल सहयोगी सिद्ध होगा और इसके व्यापक उपयोग की कामना की। भारतीय जनता पार्टी, काशी प्रांत के उपाध्यक्ष श्री कमलेश कुमार ने कहा कि युवा एवं अनुभवी सोच का यह समन्वय निश्चित रूप से उद्योग जगत को नई दिशा देगा।
मेरा पम्प एप के संस्थापक एवं पेट्रोलियम क्षेत्र के वरिष्ठ विधिक सलाहकार श्री संजय सचदेवा ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि चार दशकों से अधिक समय तक पेट्रोलियम उद्योग से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने पेट्रोल पम्प डीलरों की व्यावहारिक समस्याओं को निकट से देखा है। इन्हीं अनुभवों के आधार पर मेरा पम्प एप की परिकल्पना की गई, ताकि प्रत्येक डीलर अपने प्रतिष्ठान पर उपस्थित हुए बिना भी अपने व्यवसाय की हर महत्वपूर्ण गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रख सके। उन्होंने बताया कि यह ऐप बिक्री, स्टॉक, टैंक डिप, मीटर रीडिंग, स्टॉक वेरिएशन, नकदी प्रबंधन, लाभ-हानि विश्लेषण, दैनिक रिपोर्ट, आवश्यक लाइसेंसों की समय-सीमा, अनुपालन संबंधी सूचनाओं सहित अनेक सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ऐप पेट्रोल पम्प व्यवसाय में पारदर्शिता, दक्षता एवं लाभप्रदता बढ़ाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
प्रयागराज एवं कौशाम्बी पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रंजन सिंह ने कहा कि यह ऐप डीलरों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है तथा इससे व्यवसाय के संचालन एवं निगरानी में उल्लेखनीय सुविधा मिलेगी। महासचिव श्री संजय तिवारी ने इसे समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि डिजिटल प्रबंधन ही भविष्य का मार्ग है। मेरा पम्प एप के संरक्षक श्री जी.के. अग्रवाल ने इसे पेट्रोलियम रिटेल क्षेत्र के लिए एक दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि यह ऐप आने वाले वर्षों में डीलरों के व्यवसाय संचालन का अभिन्न अंग बन जाएगा। कार्यक्रम का संचालन श्री निखार सागर एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मा0 विधायक फाफामऊ श्री गुरू प्रसाद मौर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पाासवान सहित विभिन्न जनपदों से आए पेट्रोलियम डीलर्स, प्रयागराज के सम्मानित नागरिक, स्टाफ उपस्थित रहे।