मनुष्य बिना सद्चरित्र के राम कृपा नहीं प्राप्त कर सकता: विनोदानन्द

डांडिया और गरबा लोक नृत्य की प्रस्तुतियों से छात्राओं ने मंच पर बांधी समा

करछना, प्रयागराज। क्षेत्र के रामपुर स्थित बृजमंगल सिंह कॉलेज में चल रहे 28 वें जमुनापार महोत्सव के चौथे दिन जहां एक ओर विद्यालय की छात्राओं ने लोक नृत्य की प्रस्तुतियों पर खूब समां बांधी, वहीं दूसरे सत्र में मंच पर पहुंचे प्रवाचकों ने मानस ज्ञान गंगा प्रवाहित कर श्रोता-भक्त जनों को भाव विभोर कर दिया। स्वामी विनोदानन्द सरस्वती जी महाराज ने राम,चरित और मानस की मर्म और तथ्यपूर्ण व्याख्या करते हुए कहा कि जब तक मनुष्य चरित्र की सीढ़ी से होकर ऊपर नहीं पहुंचता उसे श्री राम की कृपा-भक्ति नहीं प्राप्त हो सकती। उन्होंने राम नाम जप और राम भक्ति को भव मुक्ति का सबसे सहज,सरल और सर्वोच्च साधन बताया। मिर्जापुर से पधारे आचार्य पंकज जी महाराज ने कथा के आरंभ में ‘कलयुग केवल नाम अधारा।सुमिर सुमिरि नर उतरहिं पारा,जैसी चौपाइयों के माध्यम से राम भक्ति की साधना में रत होने और उनकी कृपा प्राप्त करने के लिए श्रद्धालु भक्तजनों का आवाहन किया। उन्होंने काग भुसुंडि जी और गरुड़ जी के संवाद प्रसंग की कथा सुनाते हुए सभी को आहलादित कर दिया। इसके पूर्व बृजमंगल सिंह इंटर कॉलेज रामपुर की छात्रा मानवी,प्रिंसी,नंदिनी मिश्रा, शिफा सिद्दीकी, राहत और अर्शिया द्वारा प्रस्तुत डांडिया और गरबा लोक नृत्यों पर श्रोता मंत्र मुक्त हो उठे। विद्यालय के छात्र सुभाष विश्वकर्मा ने देश भक्ति गीतों पर भी खूब तालियां बटोरी। श्रद्धा और श्वेता पाल ने लोकगीत और मोहिनी श्रीवास्तव, मालती शर्मा द्वारा प्रस्तुत ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’ जैसे गीतों ने भी खूब तालियां बटोरी। बबलू शुक्ला ने तबला और विजय मिश्रा ने आर्गन पर सराहनीय संगत किया। अंत में महोत्सव के संयोजक डॉ.भगवत पांडेय ने बाल प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए प्रवाचकों का भी माल्यार्पण कर स्वागत किया। प्रधानाचार्य मनीष तिवारी ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।संचालन डॉ. केके त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर भाजपा नेता त्रिवेणी प्रसाद पांडेय, पंडित शशिकर द्विवेदी, रामेश्वर द्विवेदी, रोशन ओझा, डॉ. वाईपी सिंह,वेदश्रीवास्तव, अलख नारायण शुक्ला,कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा,शिवा शुक्ला, आरती शुक्ला, जितेंद्र कुमार, विजय सिंह, सुरेश कुमार, कंचन पांडेय, विमला देवी, उमाशंकर पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रोता भक्त जन मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment