पांच दिवसीय 37 वें राष्ट्रीय रामायण मेले का पांचवां दिन श्रीराम कथा, संतों के आशीर्वचन एवं धार्मिक विमर्श के नाम रहा

भगवान श्रीराम की पावन स्मृतियों एवं निषादराज गुह की मित्रता से गौरवान्वित श्रृंगवेरपुर धाम की पवित्र धरती पर आयोजित पांच दिवसीय 37वें राष्ट्रीय रामायण मेले का पांचवां एवं अंतिम दिन श्रद्धा, भक्ति, आध्यात्मिक चेतना और संत-महात्माओं के दिव्य सान्निध्य में अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दंडी स्वामी श्री विनोदानंद सरस्वती जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित श्रीराम कथा के साथ हुआ। महाराज श्री ने अपनी अमृतमयी वाणी से भगवान श्रीराम के आदर्शों, उनके मर्यादित जीवन, त्याग, प्रेम, समर्पण और निषादराज गुह के साथ उनकी आत्मीय मित्रता का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को रामायण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। कथा श्रवण कर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे शंकराचार्य स्वामी श्री वासुदेवानंद सरस्वती जी महाराज ने अपने दिव्य आशीर्वचनों से उपस्थित जनसमूह को अभिसिंचित किया तथा राष्ट्रीय रामायण मेला आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान कीं। उन्होंने श्रृंगवेरपुर धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम का महत्व किसी भी दृष्टि से अयोध्या से कम नहीं है। यह वह पवित्र भूमि है, जहां प्रभु श्रीराम और निषादराज गुह की अद्भुत मित्रता, प्रेम और समरसता का संदेश आज भी जीवंत है। इस पावन स्थल की गरिमा एवं महत्ता को व्यापक रूप से स्थापित करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर शंकराचार्य जी महाराज ने श्रृंगवेरपुर धाम केवट भोला निषाद का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। यह दृश्य प्रभु श्रीराम और केवट के बीच प्रेम, समर्पण तथा सामाजिक समरसता की पावन परंपरा का स्मरण कराने वाला रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने भी राष्ट्रीय रामायण मेले की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए श्रृंगवेरपुर धाम के धार्मिक एवं पर्यटन विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राष्ट्रीय रामायण मेला आयोजन समिति के महामंत्री उमेश चंद्र द्विवेदी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए जगद्गुरु शंकराचार्य जी महाराज से विशेष आग्रह किया कि जिस प्रकार आप सनातन धर्म की धर्मध्वजा को देश-दुनिया में गौरवान्वित कर रहे हैं, उसी प्रकार श्रृंगवेरपुर धाम को भी एक प्रतिष्ठित धार्मिक तीर्थ के रूप में विकसित एवं स्थापित कराने के लिए अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम भगवान श्रीराम की वनगमन यात्रा, निषादराज गुह की मित्रता और केवट प्रसंग की ऐतिहासिक भूमि है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आगमन हो, इसके लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार से श्रृंगवेरपुर धाम को भव्य धार्मिक तीर्थ के रूप में विकसित करने की मांग की जाती है।
उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम केवल एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, निषादराज के गौरव और भगवान श्रीराम के आदर्शों का जीवंत प्रतीक है। इसके समुचित विकास से सनातन संस्कृति को नई पहचान मिलेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी गौरवशाली विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
इस गरिमामय अवसर पर पूर्व न्यायाधीश सुधीर नारायण अग्रवाल राष्ट्रीय रामायण मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. बालकृष्ण पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री कन्हैयालाल पांडेय, पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडेय, जिला उपाध्यक्ष अमरजीत कुशवाहा, सभासद मनोज द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद मौर्य, तुलसीराम सरोज शिव प्रसाद मिश्रा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आलोक पांडेय, सहकारी संघ ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णचंद्र पांडेय, राकेश त्रिपाठी दीपा मौर्या रामायण मेला सयुक्त मंत्री अमित द्विवेदी प्रशांत द्विवेदी आशीष केसरवानी दीपू पांडेय श्रीकांत उपाध्याय तन्मय द्विवेदी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य एवं सम्मानित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं, बहनों एवं श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया।
पांच दिवसीय 37 वें राष्ट्रीय रामायण मेले का यह विश्राम दिवस श्रृंगवेरपुर धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने, सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा इस पावन भूमि को राष्ट्रीय स्तर पर एक भव्य तीर्थ के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ यादगार बन गया।

Related posts

Leave a Comment