सीतापुर। गुरुकुल विद्या पब्लिक स्कूल में 20 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश प्रारंभ हो गया। अवकाश से पूर्व विद्यालय में एक विशेष आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों की टेस्ट कॉपियाँ अभिभावकों को दिखायी गईं और उनकी शैक्षिक प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुकुल परंपरा का निर्वहन करते हुए तीन विद्यार्थियों—आरोही, अंश एवं प्रणव जानी—का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। खास बात यह रही कि प्रणव जानी का जन्मदिन 28 मई को होने के बावजूद, विद्यालय में जन्मदिन मनाने के उत्साह के चलते उसने अवकाश से पहले ही अपने साथियों और शिक्षकों के बीच यह खुशी साझा की।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भी गुरुकुल परिवार विद्यार्थियों से निरंतर जुड़ा रहेगा। शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से बच्चों से संपर्क बनाए रखा जाएगा और दिए गए होमवर्क में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही विद्यालय की डायटीशियन डॉ. श्वेता मिश्रा बच्चों के स्वास्थ्य एवं खानपान पर भी नजर रखेंगी।
विद्यालय के पीठाधीश्वर साकेत मिश्रा ने शिक्षकों से विद्यार्थियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रति उनका विशेष स्नेह है और वे अवकाश के दौरान भी उनसे जुड़े रहना चाहते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या मीरा मिश्रा, हेड ऑफ स्कूल अमित केसरवानी सहित समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वस्थ और आनंददायक अवकाश की शुभकामनाएँ दीं।
ग्रीष्मकालीन अवकाश से पूर्व गुरुकुल में उल्लासपूर्ण आयोजन, विद्यार्थियों का मनाया गया जन्मदिन