देवरिया, 23 मई
तारा मंडल गोरखपुर स्थित पाम पैराडाइज सोसाइटी की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। पिपरा बांध निवासी अमित कुमार सिंह को सोसाइटी का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और नई टीम को बधाई दी।
राज्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्वाचित टीम से पारदर्शिता और निष्ठा के साथ सोसाइटी के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की उम्मीद है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर बुनियादी समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया।
अध्यक्ष पद की शपथ लेने के बाद अमित कुमार सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, साफ-सफाई और निवासियों में आपसी भाईचारा बढ़ाना है। रुके हुए कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा। कार्यकारिणी में शुभ्रता सिंह को उपाध्यक्ष, सुजीत ग्रोवर को सचिव व राहुल गुप्ता को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। ठाकुर सुनील सिंह, मनोज यादव, श्रीप्रकाश अग्रवाल, पूनम भालोटिया, रितुमा गुप्ता और निधि गुप्ता सदस्य निर्वाचित हुए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अतुल सर्राफ ने भी सभी पदाधिकारियों को बधाई दी।