देवरिया, 23 मई। सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से “समाधान समारोह 2026” के अंतर्गत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया द्वारा जनजागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया (सिविल जज-सीडी) श्रीमती अर्चना के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
सचिव श्रीमती अर्चना ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को सुलह-समझौते एवं आपसी सहमति के माध्यम से निस्तारित करने के उद्देश्य से 21 अप्रैल 2026 को “समाधान समारोह 2026” का शुभारंभ किया गया था। इसका समापन 21 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा।
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर, नई दिल्ली में किया जाएगा, जिसमें सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों को शामिल किया जाएगा। लोक अदालत से पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के मध्यस्थता केंद्र एवं संबंधित पीठों के समक्ष सुलह बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा।
सचिव ने कहा कि जिन पक्षकारों के मामले सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं, वे अपने वाद को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 में शामिल कराने के लिए गूगल फॉर्म भर सकते हैं। यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य न्याय को सरल, सुलभ एवं त्वरित बनाना है, ताकि आपसी सहमति एवं सहभागिता के माध्यम से विवादों का समाधान हो सके। इस दौरान संबंधित न्यायाधीश एवं प्रशिक्षित मध्यस्थ पक्षकारों की सहायता करेंगे।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण किया जा सके।