यमुनापार में तेज आंधी-पानी का कहर: पेड़ गिरने से भैंस की मौत

विधवा महिला का घर क्षतिग्रस्त

नैनी, प्रयागराज। यमुनापार के करछना तहसील क्षेत्र में बीती रात आए तेज आंधी और बारिश ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचाई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से पशु घायल हो गए, जबकि एक भैंस की मौत हो गई। वहीं एक विधवा महिला का छप्परनुमा घर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार करछना तहसील के चाकिया चिल्ली करमा गाँव निवासी राम कैलाश पाल की एक गाय और भैंस तेज आंधी के दौरान पेड़ की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों पशुओं को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने ग्राम प्रधान पति अमरीश जायसवाल को सूचना दी, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई सहायता के लिए मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना पीआरवी 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर वापस लौट गई। इसी गांव में विधवा महिला रानिया देवी के खपरैल घर पर भी नीम का पेड़ गिर गया, जिससे उनका आशियाना क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़िता ने बताया कि घर गिर जाने के बाद वह बेसहारा हो गई हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। वहीं ब्लॉक कौंधियारा अंतर्गत ग्राम सभा नौंगवा में कमलाकांत यादव पुत्र रामलाल के घर के पास बंधी भैंस पर नीम का पेड़ गिर गया, जिससे भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related posts

Leave a Comment