योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सफल जीवन की आधारशिला है।” – राजेंद्र प्रताप

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), प्रयागराज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताहव्यापी योग कार्यक्रम का आज दिनांक 19 जून 2026 को पाँचवें दिन भी सफलतापूर्वक संचालन किया गया। यह कार्यक्रम 15 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य श्री राजेंद्र प्रताप के मार्गदर्शन तथा श्री शशांक सिंह, प्रवक्ता (शारीरिक शिक्षा) के नेतृत्व में प्रतिदिन प्रातः 6:30 बजे योगाभ्यास कराया जा रहा है। आज के सत्र में डी.एल.एड. 2024 एवं 2025 बैच के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। विशेष रूप से शीतली प्राणायाम, शीतकारी प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी तथा ध्यान संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
यह समस्त योगाभ्यास योग गुरु श्री धर्मेंद्र मिश्रा के निर्देशन में संपन्न हो रहा है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पक्षों से अवगत कराते हुए नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य श्री राजेंद्र प्रताप ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन कौशलों के विकास, मानसिक स्थिरता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक चिंतन का भी आधार है। नियमित योगाभ्यास प्रशिक्षुओं के मन को एकाग्र एवं स्थिर बनाकर उन्हें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में निरंतर अग्रसर करता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। सप्ताहव्यापी योग अभियान का उद्देश्य प्रशिक्षुओं में शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का समापन 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संगम तट पर आयोजित भव्य सामूहिक योगाभ्यास एवं योग प्रोटोकॉल अभ्यास के साथ किया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment