लालगोपालगंज, प्रयागराज। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी शांडिल्य महाराज द्वारा संचालित अन्नम प्रसादम सेवा के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को श्रृंगवेरपुर धाम गेस्ट हाउस में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा का श्रृंगवेरपुर धाम आगमन पर जोरदार एवं गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मंत्री ए.के. शर्मा के आगमन से पहले ही नगर पंचायत प्रशासन, विद्युत विभाग तैयारियों में जुट गए थे। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की गई। नगर पंचायत के सैकड़ों सफाई कर्मी पूरे दिन व्यवस्था को अंतिम रूप देने में लगे रहे। वहीं विद्युत विभाग के अवर अभियंता प्रदीप पटेल, व नरेंद्र प्रताप अधिशासी अभियंता सहित विभागीय अधिकारियों ने विद्युत आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की।
रात्रि लगभग आठ बजे ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा का काफिला लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित श्रृंगवेरपुर धाम गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद मंत्री ने सबसे पहले जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी शांडिल्य महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत उन्होंने अन्नम प्रसादम सेवा में भाग लेते हुए श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि निस्वार्थ भाव से संचालित अन्नम प्रसादम जैसी सेवा भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक गुरु प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा श्रृंगवेरपुर धाम के विकास के लिए कराए जा रहे कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
नगर पंचायत लालगोपालगंज की अधिशासी अधिकारी पद्मजा मिश्रा ने ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगर पंचायत की ओर से की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद मंत्री ए.के. शर्मा लखनऊ के लिए रवाना हो गए। उनके साथ मानिक पुर नगर पंचायत के अध्यक्षह भी मौजूद रहे।
अन्नम प्रसादम सेवा के छह वर्ष पूर्ण होने पर श्रृंगवेरपुर धाम पहुंचे ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा