सीतापुर। गुरुकुल विद्या पब्लिक स्कूल में 21 मई से 30 जून तक आयोजित 40 दिवसीय स्पोर्ट्स समर कैंप का सोमवार को भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में स्विमिंग, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, क्रिकेट, फुटबॉल, योग एवं विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आरव बाजपेयी तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी बनवारी लाल जायसवाल रहे। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के पीठाधीश्वर साकेत मिश्रा ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं और विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में सक्रिय सहभागिता विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारती है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या नीरा मिश्रा ने सभी प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे खेल एवं व्यक्तित्व विकास आधारित कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।
समापन समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने स्विमिंग, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, क्रिकेट एवं फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में अर्जित कौशल का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा प्रमाण-पत्र एवं सम्मान प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही
गुरुकुल विद्या पब्लिक स्कूल का 40 दिवसीय स्पोर्ट्स समर कैंप सफलतापूर्वक सम्पन्न