आकाशीय बिजली का कहर: भाई-बहन की दर्दनाक मौत

खीरों, रायबरेली। बारिश थमने के बाद खेत की ओर जा रही मां की आंखों के सामने ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज गर्जना के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ पीछे चल रही मां बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।खीरों थाना क्षेत्र के मिर्जापुर ग्राम पंचायत के सराय महमूद गांव में गुरुवार शाम सात वर्षीय अभिषेक उर्फ अभी और उसकी पांच वर्षीय बहन अंजली अपनी मां कांती के साथ खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों मासूम आ गए। मां कांती कुछ दूरी पर होने के कारण सुरक्षित बच गईं, लेकिन दोनों बच्चों की मौके पर ही सांसें थम गईं।
घटना के बाद परिजन दोनों बच्चों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खीरों लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. पी.के. श्रीवास्तव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभिषेक कक्षा दो का छात्र था, जबकि उसकी बहन अंजली यूकेजी में पढ़ती थी।
परिजनों ने बताया कि बच्चों के पिता विजय कुमार रोजी-रोटी के सिलसिले में लुधियाना में निजी नौकरी करते हैं। करीब एक माह पहले ही वह काम पर गए थे। घर पर पत्नी कांती, दोनों बच्चे और एक वर्षीय पुत्र अंकुश रहते थे। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। चाचा अजय कुमार, अरविंद, मामा मनोज, मौसेरे भाई अनूप कुमार, मौसी शांति देवी सहित पूरे गांव और विद्यालय परिवार में शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलते ही हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी विधायक राहुल शिव गणेश लोधी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खीरों पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। विधायक राहुल लोधी ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की तथा प्रशासन से आपदा राहत के तहत शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।
इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related posts

Leave a Comment