उत्तर मध्य रेलवे के उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का महाप्रबंधक ने किया सम्मानित

उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ (NCRSA) द्वारा उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने क्रिकेट, कुश्ती, भारोत्तोलन, हॉकी, जिम्नास्टिक्स, एथलेटिक्स एवं बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित करने वाले लगभग 40 खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के अध्यक्ष एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक शशि प्रकाश द्विवेदी द्वारा महाप्रबंधक का पौधा भेंट कर स्वागत किए जाने के साथ हुआ। इसके उपरांत उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ की विभिन्न खेल उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, धैर्य एवं चुनौतियों का सामना कर सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा है। खेलो के लिए ना केवल शारीरिक श्रम वरन उससे ज्यादा मानसिक सुदृढ़ता की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल रेलवे बल्कि देश का गौरव बढ़ाया है और वे रेलवे परिवार तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सम्मानित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं प्रबंधकों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी। महाप्रबंधक ने विशेष रूप से अखिल भारतीय रेलवे महिला क्रिकेट चैम्पियनशिप में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने वाली उत्तर मध्य रेलवे महिला क्रिकेट टीम एवं हॉकी, कुश्ती, भारोत्तोलन, जिम्नास्टिक्स सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
अपने स्वागत उद्बोधन में खेल संघ के अध्यक्ष शशि प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि महाप्रबंधक के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में उत्तर मध्य रेलवे में खेल सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि गत वित्तीय वर्ष में 27 नए खिलाड़ियों की भर्ती की प्रक्रिया की गई है, जिससे विभिन्न खेलों में उत्तर मध्य रेलवे की टीमों को और अधिक सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने खिलाड़ियों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उत्तर मध्य रेलवे खेल जगत में नए आयाम स्थापित करेगा।
समारोह में कुश्ती के जोंटी कुमार, हॉकी के रोहित एवं अंकिल पाल, भारोत्तोलन की कोमल कोहार, कुश्ती के उदित तथा जिम्नास्टिक के आदित्य सिंह राणा सहित विभिन्न खेलों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उत्तर मध्य रेलवे महिला क्रिकेट टीम की अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं गेंदबाज पूनम यादव, अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज एकता बिष्ट, मुख्य कोच हेमलता काला, सहायक कोच नीतू डेविड सहित टीम के 18 सदस्यों को भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
धन्यवाद ज्ञापन महासचिव श्री गौतम जैन ने किया। समारोह में, खेल संघ के पदाधिकारी डॉ गरिमा त्रिपाठी, गौरव लूनिवाल, श्री अभिषेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ अमित मालवीय ने किया। यह सम्मान समारोह उत्तर मध्य रेलवे की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा खेलों के समग्र विकास के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक रहा।

Related posts

Leave a Comment