नगर निगम कार्यालय, सिविल लाइंस में आज सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच माननीय विधायक श्री हर्षवर्धन बाजपेई जी एवं माननीय विधायक श्री दीपक पटेल जी ने महापौर गणेश केसरवानी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर शहर के विकास, जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों एवं नगर निगम द्वारा संचालित विकास कार्यों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
भेंट के दौरान दोनों माननीय विधायकों ने दिनांक 6 जुलाई को यमुना बैंक रोड स्थित बोट क्लब परिसर में निर्मित प्रेरणा पार्क में राष्ट्र निर्माण के महान प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एवं अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का माननीय मुख्यमंत्री जी के करकमलों द्वारा संपन्न हुए भव्य अनावरण समारोह की सफलता पर महापौर गणेश केसरवानी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
विधायकों ने कहा कि यह आयोजन प्रयागराज के लिए गौरव का विषय है। राष्ट्रहित, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय मूल्यों के प्रतीक महान व्यक्तित्वों की प्रतिमाओं की स्थापना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने इस ऐतिहासिक आयोजन को गरिमामय, सुव्यवस्थित और भव्य स्वरूप देकर प्रयागराज की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त किया है।
महापौर गणेश केसरवानी ने दोनों माननीय विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रयागराज को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर बनाने का अभियान निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग, मार्गदर्शन और जनता के विश्वास से नगर निगम शहर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से प्रयागराज विकास और विरासत के संतुलित मॉडल के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।
बैठक के दौरान शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा विकास परियोजनाओं को गति देने जैसे विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दोनों विधायकों ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर गिरजेश मिश्रा, राजेन्द्र शुक्ल, अरुण मिश्रा ‘पिंटू’, भोला तिवारी एवं पंकज जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रेरणा पार्क के सफल लोकार्पण एवं प्रतिमा अनावरण समारोह को प्रयागराज की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रवादी मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए महापौर एवं नगर निगम की पूरी टीम को शुभकामनाएँ दीं।